IND VS SA 3rd T20I: अर्शदीप- चक्रवर्ती के कमाल से भारत को मिली जीत, सीरीज में 2-1 की बढ़त
IND VS SA 3rd T20I (Image credit- BCCI X)
IND VS SA 3rd T20I: वरुण चक्रवर्ती और अर्शदीप सिंह की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से भारत ने साउथ अफ्रीका को धर्मशाला में रविवार को खेले गए टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले (IND VS SA 3rd T20I) में सात विकेट से हरा दिया. इस जीत के साथ टीम इंडिया ने पांच मुकाबलों की सीरीज में 2-1 से बढ़त बना ली है. अर्शदीप सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया.
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी साउथ अफ्रीकी (IND VS SA 3rd T20I) टीम महज 117 रन पर सिमट गई. साउथ अफ्रीका की टीम ने एक समय 44 के स्कोर तक अपने 5 विकेट गंवा दिए थे, यहां से कप्तान एडेन मार्करम ने पारी को संभाला. मार्करम ने 2 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 61 रन की पारी खेली. डोनोवन फरेरा ने 20 रन का योगदान टीम के खाते में दिया, जबकि एनरिक नॉर्त्जे ने 12 रन जुटाए, इनके अलावा कोई और बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को नहीं छू सका.
अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव ने दो-दो निकाले, जबकि हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे को 1-1 विकेट मिला.
भारत ने 16वें ओवर में हासिल किया टारगेट
118 रन के टारगेट को भारतीय टीम (IND VS SA 3rd T20I) ने 15.5 ओवरों में हासिल कर लिया. अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल की सलामी जोड़ी ने भारत को शानदार शुरुआत दिलाई, दोनों खिलाड़ियों ने 5.2 ओवरों में 60 रन की साझेदारी की. अभिषेक 18 गेंदों में 3 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 35 रन बनाकर आउट हुए, जबकि गिल ने 28 रन (28 गेंद) बनाए. तिलक वर्मा ने 25 रन और शिवम दुबे ने 10 रन की नाबाद पारी खेलते हुए भारत को जीत दिलाई. साउथ अफ्रीका की तरफ से लुंगी एनगिडी, मार्को जानसेन और कॉर्बिन बॉश ने 1-1 विकेट अपने नाम किया.
IND U19 VS PAK U19: भारत ने पाकिस्तान को फिर चटाई धूल, अंडर-19 एशिया कप में दर्ज की दूसरी जीत
भारत को सीरीज में 2-1 की मिली बढ़त
भारत ने कटक में खेले गए सीरीज के पहले मुकाबले को 101 रन से अपने नाम किया था. इसके बाद साउथ अफ्रीका ने न्यू चंडीगढ़ में आयोजित दूसरे मुकाबले को 51 रन से जीतकर सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली थी, लेकिन अब तीसरा टी-20 मैच जीतने के बाद बढ़त भारत के पास है. दोनों देशों के बीच टी20 सीरीज के शेष दो मुकाबले लखनऊ और अहमदाबाद में क्रमश: 17 दिसंबर और 19 दिसंबर को खेले जाने हैं.
