WI VS ZIM (Image credit- @windiescricket X)
WI VS ZIM: शिमरन हेटमायर की तूफानी पारी के बाद स्पिनर्स की घातक गेंदबाजी से वेस्टइंडीज ने टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में बड़ी जीत दर्ज की है. सुपर-8 के अपने पहले मुकाबले में वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे (WI VS ZIM) को 107 रन के बड़े अंतर से हराया. वेस्टइंडीज की टी-20 इंटरनेशनल में यह दूसरी सबसे बड़ी जीत है.
वेस्टइंडीज (WI VS ZIM) की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 254 रन बनाए जो टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है. जिम्बाब्वे की टीम 255 रन के टारगेट का पीछा करते हुए 17.4 ओवर में 147 रन पर सिमट गई. गुडाकेश मोती ने चार विकेट चटकाए. वहीं अकील हुसैन को तीन सफलता मिली. 34 बॉल में 85 रन (सात चौके, सात छक्के) की पारी खेलने वाले शिमरन हेटमायर को प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया. वेस्टइंडीज की टीम ने इस जीत के साथ ग्रुप-1 के प्वॉइंट्स टेबल में टॉप पर कब्जा जमाया है. वेस्टइंडीज का नेट रन रेट +5.350 पहुंच गया है.
मैच में बने कई रिकॉर्ड्स
इस मैच (WI VS ZIM) में कुल 31 छक्के लगे जो टी-20 वर्ल्ड कप के एक मैच में सबसे ज्यादा छ्क्के हैं. इससे पहले नीदरलैंड्स और ओमान के बीच खेले गए मैच में 30 छक्के लगे थे. इसके अलावा जिम्बाब्वे की टी-20 में यह सबसे बड़ी हार है. इससे पहले उसे भारत और ऑस्ट्रेलिया के हाथों 100-100 रन से हार मिली थी.
वेस्टइंडीज की टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में लगातार पांचवां मुकाबला जीता. ऐसा पहली बार हुआ है जब वेस्टइंडीज ने टी-20 वर्ल्ड कप में लगातार पांच मुकाबले जीते हैं. शिमरन हेटमायर ने टी-20 वर्ल्ड कप के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के (17) लगाने के मामले में संयुक्त रुप से टॉप पर पहुंच गए हैं. उन्होंने निकोलस पूरन (17) की बराबरी कर ली है. पूरन ने 2024 टी-20 विश्व कप में यह कारनामा किया था.
वेस्टइंडीज की टीम ने बनाया टी-20 वर्ल्ड कप का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर
वेस्टइंडीज (WI VS ZIM) की टीम ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए ब्रैंडन किंग (09) और साईं होप (14) का विकेट जल्दी गंवा दिया. इसके बाद शिमरन हेटमायर और रोवमेन पॉवेल ने तूफानी बल्लेबाजी की. दोनों बल्लेबाजों ने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों पर कोई रहम नहीं किया और तेजी से रन बनाए. दोनों के बीच 122 रन की साझेदारी हुई. शिमरन हेटमायर ने 85 रन की पारी में सात चौके और सात छक्के लगाए. पॉवेल ने भी अर्धशतक लगाया और 35 बॉल में 59 रन की पारी में चार चौके और चार छक्के जड़े.
शेरफेन रदरफोर्ड ने 13 बॉल में नाबाद 31 रन (तीन छक्के, दो चौके), रोमारियो शेफर्ड ने 10 बॉल में 21 रन (तीन छक्के) और जेसन होल्डर ने चार बॉल में 13 रन (दो छक्के) की ताबड़तोड़ पारी खेली. वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में छह विकेट पर 254 रन बनाए. यह टी-20 वर्ल्ड कप का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है. श्रीलंका के नाम टी-20 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ा स्कोर बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है. श्रीलंका ने साल 2007 में केन्या के खिलाफ छह विकेट पर 260 रन बनाए थे.
147 रन पर सिमटी जिम्बाब्वे की टीम
जिम्बाब्वे (WI VS ZIM) की टीम ने विशाल टारगेट का पीछा करते हुए सरेंडर कर दिया और पूरी टीम 147 रन ही सिमट गई. ब्रैंड इवांस ने जिम्बाब्वे के लिए सबसे ज्यादा 43 रन (21 बॉल) बनाए. डियोन मायर्स ने 28 रन और कप्तान सिकंदर रजा ने 27 रन का योगदान दिया. ब्रायन बेनेट टी-20 वर्ल्ड कप के इस एडिशन में पहली बार आउट हुए और उन्होंने सिर्फ पांच रन की पारी खेली.
वेस्टइंडीज के लिए गुडाकेश मोटी ने चार ओवर में एक मेडन के साथ 28 रन देकर चार विकेट लिए. वहीं अकील हुसैन ने चार ओवर में एक मेडन के साथ 28 रन देकर ही तीन बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया. जिम्बाब्वे की टीम अब अपने अगले मुकाबले में 26 फरवरी को भारत से भिड़ेगी.
