IND VS ZIM: हार्दिक- अभिषेक की धमाकेदार पारी से भारत ने जिम्बाब्वे को रौंदा, सेमीफाइनल में पहुंची साउथ अफ्रीका की टीम
IND VS ZIM (Image credit- BCCI X)
IND VS ZIM: हार्दिक पांड्या और अभिषेक शर्मा के अर्धशतक की मदद से भारत ने जिम्बाब्वे को टी-20 वर्ल्ड कप 2026 (IND VS ZIM) के सुपर-8 मुकाबले में 72 रन से हराकर सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें जिंदा रखी है. गुरुवार को खेले गए मैच में भारत ने जिम्बाब्वे (IND VS ZIM) के सामने जीत के लिए 257 रन का टारगेट रखा था, जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में छह विकेट पर 184 रन ही बना सकी. हार्दिक पांड्या को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
भारत (IND VS ZIM) की इस जीत के साथ साउथ अफ्रीका ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है. वहीं भारत का अगला मुकाबला वेस्टइंडीज से होना है, जहां टीम इंडिया को हर हाल में जीत चाहिए.
भारत की जीत के बाद ग्रुप-1 प्वॉइंट्स टेबल की स्थिति
साउथ अफ्रीका सुपर-8 के दोनों मुकाबले जीतकर +2.890 नेट रन रेट के साथ ग्रुप-1 में टॉप पर है. वहीं वेस्टइंडीज दो में से एक मैच गंवाकर +1.791 के साथ दूसरे स्थान पर है. भारत दो में से एक मैच जीतकर -0.100 के साथ तीसरे पायदान पर है, जबकि जिम्बाब्वे की टीम सुपर-8 में अपने शुरुआती दो मैच गंवाने के बाद खिताबी रेस से बाहर है.
मैच की पूरी कहानी
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम (IND VS ZIM) को संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई. दोनों खिलाड़ियों ने 3.4 ओवरों में 48 रन जुटाए. संजू सैमसन 15 गेंदों में 24 रन बनाकर आउट हुए.
अभिषेक शर्मा ने जड़ा अर्धशतक
ईशान किशन ने अभिषेक शर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 42 गेंदों में 72 रन की साझेदारी करते हुए भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया. ईशान 24 गेंदों में 38 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अभिषेक शर्मा ने 30 गेंदों में 4 छक्कों और चार चौकों के साथ 55 रन की पारी खेली. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 33 रन (13 बॉल) का योगदान दिया.
हार्दिक- तिलक ने 31 गेंदों में जोड़े 84 रन
भारत (IND VS ZIM) ने 14.5 ओवरों में चार विकेट पर 172 रन बनाए थे. यहां से हार्दिक पंड्या ने तिलक वर्मा के साथ 31 गेंदों में 84 रन की नाबाद साझेदारी करते हुए टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप इतिहास के दूसरे सबसे बड़े स्कोर तक पहुंचाया. भारत ने 20 ओवर में चार विकेट पर 256 रन बनाए. पंड्या ने 23 गेंदों में 4 छक्कों और 2 चौकों के साथ 50 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि तिलक वर्मा ने 16 गेंदों में 4 छक्कों और 3 चौकों के साथ नाबाद 44 रन बनाए.
SA VS WI: साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को बुरी तरह रौंदा, टीम इंडिया को मिली राहत
ब्रायन बेनेट ने खेली 97 रन की नाबाद पारी
जिम्बाब्वे की टीम भारत (IND VS ZIM) के विशाल टारगेट के जवाब में 20 ओवर में छह विकेट खोकर 184 रन ही बना सकी. ब्रायन बेनेट ने तदिवानाशे मारुमानी के साथ पहले विकेट के लिए 44 रन की साझेदारी की. बेनेट ने सिकंदर रजा के साथ तीसरे विकेट के लिए 41 गेंदों में 72 रन जुटाकर टीम को 144 के स्कोर तक पहुंचाया. सिकंदर रजा ने 31 रन बनाए. इसके बाद जिम्बाब्वे का कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सकी.
ब्रायन बेनेट अंत तक लड़े, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके. उन्होंने 59 गेंदों में 6 छक्कों और 8 चौकों के साथ नाबाद 97 रन बनाए. भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह ने 24 रन देकर 3 विकेट चटकाए. वरुण चक्रवर्ती, अक्षर पटेल और शिवम दुबे ने 1-1 विकेट हासिल किया.
