Rinku Singh Father Death: क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता का निधन, सदमे में फैंस
Rinku Singh father passes away
Rinku Singh Father Death: भारत के स्टार क्रिकेटर और फिनिशर रिंकू सिंह के पिता खान चंद सिंह का शुक्रवार की सुबह निधन हो गया. वह लंबे समय से लीवर कैंसर की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे. उनके निधन (Rinku Singh Father Death) के बाद क्रिकेट फैंस सदमे में हैं. हरभजन सिंह और युवराज सिंह जैसे दिग्गज क्रिकेटर्स ने भी उनके निधन पर दुख जताया है.
रिंकू सिंह के पिता को चौथे स्टेज का लीवर कैंसर था और पिछले कुछ दिनों से उनकी हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी. 24 फरवरी को तबीयत अधिक बिगड़ने पर उन्हें ग्रेटर नोएडा स्थित निजी अस्पताल यथार्थ हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था.
अस्पताल सूत्रों के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 4:36 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली. निधन की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई. सुबह लगभग 5 बजे उनके निधन (Rinku Singh Father Death) की आधिकारिक पुष्टि हुई. इसके बाद परिजन उनका पार्थिव शरीर लेकर घर के लिए रवाना हो गए और शुक्रवार देर शाम उनका अंतिम संस्कार किया गया.
पिता के बीमार होने के बाद अस्पताल पहुंचे थे रिंकू सिंह
पिता की तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिलते ही रिंकू सिंह टीम इंडिया का साथ छोड़कर अस्पताल में उनसे मिलने पहुंचे थे. उन्होंने डॉक्टरों से मिलकर उनका हाल जाना था. जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच से पहले मंगलवार को रिंकू सिंह अस्पताल आए थे और पिता से मिलने के बाद उन्होंने वापस टीम को ज्वाइन किया था.
रिंकू की सफलता में पिता खानचंद सिंह का था बड़ा योगदान
रिंकू सिंह के करियर में उनका पिता का बड़ा योगदान है. रिंकू सिंह के पिता गैस सिलेंडर की डिलिवरी किया करते थे. वह अलीगढ़ की एक गैस एजेंसी में एलपीजी गैस सिलेंडर की डिलीवरी का काम किया करते थे. रिंकू सिंह के स्टार बनने के बाद भी उन्होंने अपना काम नहीं छोड़ा था.
रिंकू सिंह ने एक इंटरव्यू में बताया था कि साल 2012 में उन्हें क्रिकेट खेलने पर पिता से मार खानी पड़ी, पिता शुरुआत में उनके क्रिकेट खेलने के खिलाफ थे, हालांकि रिंकू सिंह ने अपनी जिद नहीं छोड़ी, 2012 में ही क्रिकेट खेलते हुए बाइक इनाम में जीती, इसके बाद पिता ने उनका सपोर्ट शुरू किया.
