SA VS ZIM: साउथ अफ्रीका ने जिम्बाब्वे को पांच विकेट से हराया, अब सेमीफाइनल में होगी न्यूजीलैंड से भिड़ंत
SA VS ZIM
SA VS ZIM: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार को खेले गए सुपर-8 के मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने जिम्बाब्वे (SA VS ZIM) को पांच विकेट से हराकर इस टूर्नामेंट में लगातार आठवीं जीत दर्ज की. अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में जिम्बाब्वे से मिले 154 रनों के लक्ष्य को साउथ अफ्रीका ने पांच विकेट खोकर 17.5 ओवर में हासिल किया. जिम्बाब्वे की टीम का सुपर-8 में खाता नहीं खुला. अब साउथ अफ्रीका की टीम सेमीफाइनल में चार मार्च को कोलकाता के इ़डेन गार्डन्स में न्यूजीलैंड से भिड़ेगी.
टारगेट का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका (SA VS ZIM) की शुरुआत अच्छी नहीं रही. क्विंटन डी कॉक बिना खाता खोले पवेलियन लौटे, जबकि कप्तान एडेन मार्करम भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके. मार्करम चार रन बनाकर सिकंदर रजा की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए. रयान रिकेल्टन ने 22 गेंदों में 31 रनों का योगदान दिया.
ब्रेविस- मिलर ने खेली धमाकेदार पारी
हालांकि, डेवाल्ड ब्रेविस एक छोर पर खड़े रहे और उन्होंने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से जिम्बाब्वे के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा. ब्रेविस ने महज 18 गेंदों का सामना करते हुए 42 रनों की दमदार पारी खेली. अपनी इस पारी में ब्रेविस ने दो चौके और चार छक्के लगाए. वहीं, डेविड मिलर ने 22 रन बनाए. ब्रेविस के आउट होने के बाद ट्रिस्टन स्टब्स और जॉर्ज लिंडे ने मोर्चा संभाला और दोनों ने 53 रनों की अटूट साझेदारी निभाई. स्टब्स 24 गेंदों में 21 रन बनाकर नाबाद रहे, तो लिंडे ने 21 गेंदों में 30 रनों की पारी खेली और टीम को जीत दिलाकर लौटे.
सिकंदर रजा ने चटकाए तीन विकेट
बल्ले से अहम योगदान देने के बाद जिम्बाब्वे (SA VS ZIM) के कप्तान सिकंदर रजा ने गेंदबाजी में चार ओवर के स्पेल में 29 रन खर्च करते हुए तीन विकेट चटकाए. ब्लेसिंग मुजरबानी ने एक विकेट अपने नाम किया.
सिकंदर रजा ने अर्धशतकीय पारी भी खेली
इससे पहले, जिम्बाब्वे (SA VS ZIM) ने 20 ओवर में सात विकेट खोकर 153 रन लगाए. कप्तान सिकंदर रजा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 43 गेंदों में 73 रनों की धमाकेदार पारी खेली. अपनी इस पारी में रजा ने आठ चौके और चार छक्के लगाए. हालांकि, जिम्बाब्वे के कप्तान को दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका. तदिवानाशे मारुमानी सिर्फ सात रन बनाकर आउट हुए, जबकि ब्रायन बेनेट 15 रन ही जोड़ सके. डियोन मायर्स महज 11 रन बनाकर आउट हुए. रयान बर्ल पांच रन बनाकर लुंगी एनगिडी का शिकार बने.
SA VS WI: साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को बुरी तरह रौंदा, टीम इंडिया को मिली राहत
जिम्बाब्वे (SA VS ZIM) की तरफ से गेंदबाजी में कॉर्बिन बॉश ने 40 रन देकर दो विकेट निकाले. वहीं, क्वेना मफाका ने चार ओवर में 21 रन खर्च करते हुए दो विकेट चटकाए. भारत-वेस्टइंडीज के बाद जिम्बाब्वे को हराते हुए साउथ अफ्रीका ने सुपर-8 राउंड के अपने तीनों ही मैचों में जीत दर्ज की. पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका की चार मार्च को न्यूजीलैंड से भिड़ंत होगी. वहीं, जिम्बाब्वे का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया है.
