MI VS KKR: मुंबई इंडियंस ने खत्म किया 14 साल का इंतजार, केकेआर के खिलाफ दर्ज की धमाकेदार जीत

0
MI VS KKR

MI VS KKR (Image credit- IPL)

Spread the love

MI VS KKR: रियान रिकेल्टन (43 बॉल में 81 रन) और रोहित शर्मा (38 बॉल में 78 रन) के तूफानी अर्धशतक से मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2026 में जीत के साथ शुरुआत की है. रविवार को खेले गए मैच में मुंबई इंडियंस (MI VS KKR) ने कोलकाता नाइटराइडर्स को छह विकेट से हरा दिया. मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइटराइडर्स के 221 रन के टारगेट को 19.1 ओवर में हासिल कर लिया.

मुंबई इंडियंस की टीम का आईपीएल में यह सबसे बड़ा रन चेज है. इसके अलावा टीम ने 14 साल का इंतजार खत्म करते हुए आईपीएल के अपने पहले मैच में जीत दर्ज की है. शार्दुल ठाकुर को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया.

रोहित और रिकल्टन का तूफानी अर्धशतक

जीत के लिए 221 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमआई (MI VS KKR) को रोहित शर्मा और रयान रिकल्टन ने धमाकेदार शुरुआत दी. दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 11.5 ओवर में 148 रन की साझेदारी की. रोहित शर्मा ने 38 गेंदों में 78 रन की पारी में 6 चौके और 6 छक्के लगाए. रोहित ने 23 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की। आईपीएल में उनका यह सबसे तेज अर्धशतक है. रोहित का आईपीएल का यह 50वां अर्धशतक भी था. रिकल्टन ने भी 43 गेंदों पर 8 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 81 रन की पारी खेली.

सूर्यकुमार यादव 8 गेंदों पर 16 रन बनाकर आउट हुए, वहीं तिलक वर्मा ने 14 गेंदों में 20 रन की पारी खेली. हार्दिक 11 गेंदों पर 18 और नमन धीर 2 गेंदों पर 5 रन बनाकर नाबाद रहे.

VIDEO: बेंगलुरु और हैदराबाद मैच में बने सात बड़े रिकॉर्ड्स, कोहली ने रचा इतिहास

केकेआर ने बनाए थे 220 रन

टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर (MI VS KKR) ने 4 विकेट पर 220 रन बनाए. केकेआर के लिए सबसे ज्यादा 67 रन कप्तान अंजिक्य रहाणे ने बनाए. रहाणे ने 40 गेंदों की अपनी पारी में 5 छक्के और 3 चौके लगाए। इसके अलावा युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी ने भी अर्धशतक लगाया. रघुवंशी ने 29 गेंदों पर 2 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 51 रन की पारी खेली. फिन एलेन ने 17 गेंदों पर 37 और रिंकू सिंह ने 21 गेंदों पर नाबाद 33 रन की पारी खेली. कैमरुन ग्रीन ने 10 गेंदों पर 18 रन बनाए. मुंबई इंडियंस की तरफ से शार्दुल ठाकुर ने 4 ओवर में 39 रन देकर तीन विकेट हासिल किए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *