DC VS GT: रोमांचक मुकाबले में एक रन से जीता गुजरात टाइटंस, आखिरी ओवर में हारी दिल्ली कैपिटल्स
DC VS GT (Image credit- IPL)
DC VS GT: शुभमन गिल, जोस बटलर और वाशिंगटन सुंदर के अर्धशतक के बाद राशिद खान की घातक गेंदबाजी और आखिरी ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा के कमाल से गुजरात टाइटंस की टीम ने आईपीएल 2026 में जीत का खाता खोल लिया है. बुधवार को खेले गए मैच में गुजरात टाइटंस की टीम ने रोमांचक मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC VS GT) को एक रन से हरा दिया. दिल्ली कैपिटल्स की टीम डेविड मिलर (20 गेंद में 41 रन नाबाद) के साहसिक पारी के बावजूद आखिरी ओवर में मुकाबला गंवा दिया. राशिद खान (03/17) को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया.
गुजरात टाइटंस (DC VS GT) की टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 210 रन बनाए थे, दिल्ली कैपिटल्स की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 209 रन ही बना सकी. केएल राहुल ने 52 बॉल में 92 रन (11 चौके, 04 छक्के) की शानदार पारी खेली. पथुम निसंका ने 24 बॉल में 41 रन (छह चौके, 01 छक्का) बनाए.
आखिरी ओवर में हारी दिल्ली कैपिटल्स
आखिरी ओवर में दिल्ली कैपिटल्स (DC VS GT) को जीत के लिए 13 रन बनाने थे. दिल्ली की टीम ने पहली चार बॉल में 11 रन बना लिए थे, मगर आखिरी दो बॉल पर दिल्ली कैपिटल्स मुकाबला हार गई.
20वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा की पहली बॉल पर विपराज निगम ने चौका लगाया, मगर वह दूसरी बॉल पर वह आउट हो गए. ओवर की तीसरी बॉल पर नए बल्लेबाज कुलदीप यादव ने सिंगल लिया, वहीं चौथी बॉल पर डेविड मिलर ने 106 मीटर लंबा छक्का लगाया. अब आखिरी दो बॉल में दो रन बनाने थे, ओवर की पांचवीं गेंद पर डेविड मिलर के पास सिंगल लेने का मौका था, मगर उन्होंने इसे लेने इनकार कर दिया और इसके बाद प्रसिद्ध कृष्णा ने आखिरी गेंद डॉट फेंकी. इस गेंद पर मिलर और कुलदीप ने रन लेने का प्रयास किया, मगर विकेट के पीछे से जोस बटलर ने उन्हें रन आउट कर दिया. दिल्ली कैपिटल्स की इस सीजन की यह पहली हार है.
IPL 2026 Points Table: आईपीएल 2026 प्वॉइंट्स टेबल का हाल, कौन सी टीम किस पोजिशन पर है ?
गुजरात ने बनाए 210 रन
इससे पहले टॉस हारने के बाद गुजरात टाइटंस (DC VS GT) ने 20 ओवर में चार विकेट पर 210 रन का विशाल स्कोर बनाया. शुभमन गिल ने 45 बॉल में 70 रन (04 चौके, 05 छक्के), जोस बटलर ने 27 बॉल में 52 रन (03 चौके, 05 छक्के) और वाशिंगटन सुंदर ने 32 बॉल में 55 रन (06 चौके, 02 छक्के) ने अर्धशतक लगाया. साई सुदर्शन ने 12 रन और वहीं ग्लेन फिलिप्स ने नाबाद 14 रन बनाए.
गेंदबाजी में राशिद खान ने किया कमाल
गुजरात टाइटंस के लिए राशिद खान ने गेंदबाजी में कमाल किया और चार ओवर में सिर्फ 17 रन देकर तीन विकेट हासिल किए. वहीं एक ही ओवर में नितीश राणा और समीर रिजवी को पवेलियन भेजा. उसके बाद दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल को भी अपना शिकार बनाया.
