ENG VS PAK (Image credit-ICC X)
ENG VS PAK: हैरी ब्रूक के शतक से इंग्लैंड ने पाकिस्तान को टी-20 वर्ल्ड कप सुपर-8 में दो विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है. इंग्लैंड की सुपर-8 में यह लगातार दूसरी जीत है. इंग्लैंड की टीम लगातार पांचवीं बार सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बनी है.
पाकिस्तान ने इंग्लैंड (ENG VS PAK) के सामने जीत के लिए 165 रन का टारगेट रखा था, जिसे इंग्लैंड ने आखिरी ओवर में हासिल कर लिया. इस हार के साथ ही पाकिस्तान की सेमीफाइनल में पहुंचने की राह मुश्किल हो गई है. पाकिस्तान के दो मैच में सिर्फ एक अंक है. वह अपने आखिरी सुपर-8 मैच में श्रीलंका से भिड़ेगा. पाकिस्तान को अब सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अगले मैच में उसे श्रीलंका को हराना होगा, साथ ही साथ यह दुआ करनी होगी कि श्रीलंका की टीम न्यूजीलैंड को हरा दे. हैरी ब्रूक ने 51 बॉल में 100 रन (10 चौके, 04 छक्के) की पारी खेली. उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब भी दिया गया.
पाकिस्तान ने बनाए 164 रन
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान (ENG VS PAK) की टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 164 रन लगाए. साहिबजादा फरहान ने 45 गेंदों में 63 रनों की पारी खेली, वहीं, फखर जमान और बाबर आजम ने 25-25 रनों का योगदान दिया. शादाब खान ने अंतिम ओवरों में 11 गेंदों में 23 रन बनाए. इंग्लैंड की तरफ से लियाम डॉसन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार ओवर में सिर्फ 24 रन खर्च करते हुए तीन विकेट अपने नाम किए. वहीं जोफ्रा आर्चर, जेमी ओवरटन को दो-दो सफलता मिली.
इंग्लैंड ने की खराब शुरुआत
165 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड (ENG VS PAK) की शुरुआत अच्छी नहीं रही. फिल साल्ट पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले पवेलियन लौटे. जोस बटलर (02), जैकब बेथेल (08), टॉम बैंटन (02) ने भी निराश किया. अपने टी-20 इंटरनेशनल करियर में पहली बार नंबर तीन पर उतरे कप्तान हैरी ब्रूक ने सैम करन के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 45 रन की साझेदारी की. करन 16 रन बनाकर आउट हुए, हालांकि, ब्रूक ने एक छोर संभाले रखा और अपने टी-20 करियर का पहला शतक 50 गेंदों में पूरा किया.
हैरी ब्रूक ने जड़ा धमाकेदार शतक
इंग्लिश कप्तान ने महज 51 गेंदों का सामना करते हुए 100 रनों की दमदार पारी खेली. वह टी-20 वर्ल्ड कप में कप्तान में तौर पर शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी भी बन गए हैं. विल जैक्स ने 23 गेंदों में 28 रनों का योगदान दिया. पारी के 19वें ओवर में मोहम्मद नवाज ने विल जैक्स और जेमी ओवरटन को पांच गेंदों के अंदर आउट कर मैच में रोमांच लाया और पाकिस्तान की थोड़ी उम्मीद जगी. आखिरी ओवर में इंग्लैंड को चार रन बनाने थे और इंग्लैंड के दो बल्लेबाज शेष थे, पाकिस्तान चमत्कार का इंतजार कर रही था, मगर 20वें ओवर की पहली ही गेंद पर जोफ्रा आर्चर ने चौका लगाकर इंग्लैंड को जीत दिला दी.
पाकिस्तान की तरफ से शाहीन अफरीदी ने 30 रन देकर चार विकेट चटकाए, जबकि उस्मान तारिक ने दो विकेट अपने नाम किए.
