IND VS ENG: इंग्लैंड को हराकर टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची टीम इंडिया, न्यूजीलैंड से होगा मुकाबला
IND VS ENG
IND VS ENG: संजू सैमसन के लगातार दूसरे अर्धशतक (89 रन) के बाद आखिरी ओवर्स में जसप्रीत बुमराह- हार्दिक पांडंया की शानदार गेंदबाजी से भारत ने इंग्लैंड (IND VS ENG) को हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में जगह बना ली है. गुरुवार को दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में सात रनों से हराया.
भारत (IND VS ENG) से मिले 254 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम सात विकेट खोकर 246 रन ही बना सकी. भारतीय टीम का फाइनल में आठ मार्च को न्यूजीलैंड से मुकाबला होगा. भारत ने चौथी बार टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई है.
254 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड टीम (IND VS ENG) की शुरुआत अच्छी नहीं रही. फिल साल्ट महज पांच रन बनाकर हार्दिक पांड्या का शिकार बने. कप्तान हैरी ब्रूक भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और सात रन बनाकर आउट हुए. जोस बटलर एक बार फिर अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके और 17 गेंदों में 25 रन बनाने के बाद वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए, टॉम बैंटन महज 5 गेंदों में 17 रन बनाकर आउट हुए. 95 के स्कोर पर इंग्लैंड के चार विकेट गिर चुके थे.
जैकब बेथेल ने इंग्लैंड के लिए लगाया शतक
विल जैक्स और जैकब बेथेल ने पांचवें विकेट के लिए 39 गेंदों में 77 रन जोड़े. जैक्स 20 गेंदों में चार चौके और दो छक्कों की मदद से 35 रन बनाकर आउट हुए. सैम करन और बेथेल ने छठे विकेट के लिए 27 गेंदों में 50 रनों की साझेदारी निभाई. करन ने 14 गेंदों में 18 रन बनाए. जैकब बेथेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों में शतक पूरा किया. बेथेल ने 48 गेंदों में 105 रनों की लाजवाब पारी खेली, लेकिन वह इंग्लैंड (IND VS ENG) को जीत नहीं दिला सके. अपनी इस पारी में उन्होंने आठ चौके और सात छक्के लगाए. भारत की ओर से गेंदबाजी में हार्दिक पांड्या ने 38 रन देकर दो विकेट चटकाए, जबकि अर्शदीप और बुमराह ने एक-एक विकेट चटकाया.
SA VS NZ: फिल एलेन ने जड़ा टी20 वर्ल्ड का सबसे तेज शतक, साउथ अफ्रीका को रौंदकर फाइनल में न्यूजीलैंड
भारत ने बनाया टी-20 वर्ल्ड कप नॉकआउट का सबसे बड़ा स्कोर
इससे पहले भारतीय टीम (IND VS ENG) ने टी20 वर्ल्ड कप नॉकआउट मुकाबले का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया. टॉस गंवाने के बाद बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 253 रन लगाए. संजू सैमसन ने एक बार फिर शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 89 रनों की दमदार पारी खेली. अपनी इस पारी में सैमसन ने आठ चौके और सात छक्के लगाए.
शिवम दुबे भी बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 25 गेंदों में 43 रन बनाए. हालांकि, अभिषेक शर्मा ने एक बार फिर निराश किया और वह नौ रन बनाकर आउट हुए, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 11 रन बनाए.
अंत के ओवरों में तिलक वर्मा ने सिर्फ सात गेंदों में 21 रन बनाए, तो हार्दिक पांड्या ने 12 गेंदों में 27 रनों का योगदान दिया. गेंदबाजी में इंग्लैंड (IND VS ENG) की तरफ से विल जैक्स और आदिल रशीद ने दो-दो विकेट चटकाए. वहीं, जोफ्रा आर्चर काफी मंहगे साबित हुए और उन्होंने चार ओवर में 61 रन खर्च किए.
