IND VS NZ 4th T20I (Image credit- BCCI X)
IND VS NZ 4th T20I: शिवम दुबे ने टी-20 इंटरनेशनल की अपनी सबसे बेहतरीन इनिंग खेली, इसके बावजूद भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के हाथों चौथे टी-20 मैच (IND VS NZ 4th T20I) में हार का सामना करना पड़ा. विशाखापट्टनम में खेले गए चौथे टी-20 मैच में न्यूजीलैंड ने भारत को 50 रन से हरा दिया. न्यूजीलैंड की भारत में भारत के खिलाफ रनों से लिहाज से यह सबसे बड़ी जीत है. इससे पहले उसने भारत को 47 रन से हराया था.
न्यूजीलैंड की टीम की इस सीरीज में पहली जीत है. टीम इंडिया सीरीज पर पहले ही अपना कब्जा कर चुकी है. टिम सीफर्ट को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. पांचवां टी-20 मैच 31 जनवरी को तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा.
न्यूजीलैंड ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी न्यूजीलैंड (IND VS NZ 4th T20I) की टीम ने 20 ओवर में सात विकेट 215 रन का बड़ा स्कोर बनाया. डेवोन कॉन्वे ने टिम सीफर्ट के साथ 8.1 ओवरों में 100 रन की साझेदारी की. यह भारतीय सरजमीं पर टी20 फॉर्मेट में टीम इंडिया के खिलाफ किसी टीम का सबसे तेज शतक भी है.
टिम सीफर्ट ने जड़ा अर्धशतक
कॉन्वे 23 गेंदों में 3 छक्कों और 4 चौकों के साथ 44 रन बनाकर बनाए, वहीं टिम सीफर्ट ने अर्धशतक लगाया और 36 गेंदों में 62 रन बनाए. सीफर्ट की इस पारी में 3 छक्के और 7 चौके शामिल थे. सीफर्ट ने सिर्फ 25 गेंदों में अर्धशतक लगाया.
ग्लेन फिलिप्स ने 24 रन और डेरिल मिचेल ने 18 गेंदों में 39 रन की नाबाद पारी खेलते हुए टीम को 200 के पार पहुंचाया. भारत (IND VS NZ 4th T20I) की तरफ से अर्शदीप सिंह और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट अपने नाम किए, जबकि जसप्रीत बुमराह और रवि बिश्नोई को एक-एक सफलता मिली.
फेल हुआ टीम इंडिया का टॉप ऑर्डर
216 रन के टारगेट के जवाब में भारतीय टीम (IND VS NZ 4th T20I) 18.4 ओवरों में महज 165 रन पर सिमट गई. भारत ने पहली ही गेंद पर अभिषेक शर्मा (0) का विकेट गंवा दिया, इसके कुछ देर बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव (8) भी चलते बने. बल्लेबाजी क्रम में प्रमोट किए गए रिंकू सिंह ने संजू सैमसन के साथ तीसरे विकेट के लिए 28 गेंदों में 46 रन की साझेदारी की. संजू सैमसन ने 15 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ 24 रन जुटाए, जबकि रिंकू 30 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 39 रन बनाकर पवेलियन लौटे.
IND U19 VS ZIM U19: विहान मल्होत्रा का शतक, भारत ने सुपर सिक्स में जिम्बाब्वे को 204 रन से हराया
शिवम दुबे की तूफानी पारी के बावजूद टीम इंडिया को मिली हार
भारतीय 82 के स्कोर तक 5 विकेट गंवा चुकी थी, उसके बाद शिवम दुबे ने हर्षित राणा (9) के साथ 27 गेंदों में 63 रन की साझेदारी करते हुए भारत की हार के अंतर को कम करने में अहम भूमिका निभाई.दुबे ने महज 15 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जिसके साथ वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तीसरे सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले भारतीय बन गए. दुबे दुर्भाग्यवश 65 के निजी स्कोर पर रन आउट हुए. उन्होंने 23 गेंदों की पारी में सात छक्के और तीन चौके लगाए. उन्होंने ईश सोढ़ी के एक ओवर में 29 रन बनाए. टी-20 इंटरनेशनल में यह उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी है.
न्यूजीलैंड (IND VS NZ 4th T20I) की तरफ से मिचेल सेंटनर ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि जैकब डफी और ईश सोढ़ी को दो-दो सफलता मिली.
