IND VS NZ 5th T20I: ईशान किशन की सेंचुरी के बाद अर्शदीप का ‘पंजा’, भारत का T20I सीरीज पर 4-1 से कब्जा
IND VS NZ 5th T20I (Image credit- BCCI X)
IND VS NZ 5th T20I: ईशान किशन के टी-20 करियर के पहले शतक (43 बॉल में 103 रन) के बाद अर्शदीप सिंह के पहले टी-20 फाइव विकेट हॉल की मदद से भारत ने न्यूजीलैंड को पांचवें टी-20 मैच (IND VS NZ 5th T20I) में 46 रन से हरा दिया. इस जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की सीरीज को 4-1 से अपने नाम कर लिया.
भारत ने न्यूजीलैंड (IND VS NZ 5th T20I) के सामने जीत के लिए 272 रन ( भारत का तीसरा सबसे बड़ा टी-20 स्कोर) का टारगेट रखा था, न्यूजीलैंड की टीम 19.2 ओवर में 225 रन पर सिमट गई. ईशान किशन को प्लेयर ऑफ द मैच जबकि सूर्य कुमार यादव को प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब दिया गया.
टीम इंडिया (IND VS NZ 5th T20I) ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 48 के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए. संजू सैमसन अपने होमग्राउंड पर भी फ्लॉप रहे और सिर्फ छह रन बना सके. अभिषेक शर्मा ने 16 बॉल में 30 रन की पारी खेली. दोनों ओपनर्स के आउट होने के बाद ईशान किशन ने कप्तान सूर्या के साथ तीसरे विकेट के लिए 57 गेंदों में 137 रन की साझेदारी करते हुए भारत को 185 के स्कोर तक पहुंचाया.
सूर्या ने रचा इतिहास
सूर्या 30 गेंदों में 6 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 63 रन बनाकर आउट हुए. सूर्या ने टी-20 इंटरनेशनल में तीन हजार रन भी पूरे कर लिए. विराट कोहली और रोहित शर्मा के बाद ऐसा करने वाले वह तीसरे भारतीय हैं. सूर्या ने गेंद के हिसाब से सबसे तेज 3000 रन बनाए हैं.
T20I में सबसे तेज 3000 रन (गेंदों के आधार पर)
1822 बॉल- सूर्यकुमार यादव
1947 बॉल- मुहम्मद वसीम
2068 बॉल- जोस बटलर
2077 बॉल- आरोन फिंच
2113 बॉल- डेविड वार्नर
2149 बॉल- रोहित शर्मा
2169 बॉल-विराट कोहली
गुवाहाटी में न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम इंडिया ने बनाए पांच बड़े रिकॉर्ड्स
ईशान किशन ने जड़ा टी-20 करियर का पहला शतक
ईशान ने हार्दिक पंड्या के साथ चौथे विकेट के लिए 18 गेंदों में 48 रन जुटाए. किशन ने 43 गेंदों में 10 छक्कों और 6 चौकों के साथ 103 रन बनाए. यह उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक रहा. हार्दिक पंड्या ने अंतिम ओवरों में 17 गेंदों में 4 छक्कों और एक चौका के साथ 42 रन बनाए. न्यूजीलैंड के लिए लॉकी फर्ग्यूसन ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए, जबकि जैकब डफी, काइल जैमीसन और मिचेल सेंटनर के नाम 1-1 विकेट रहा.
न्यूजीलैंड की टीम भारत (IND VS NZ 5th T20I) के विशाल टारगेट के जबाव में 19.4 ओवरों में 225 रन पर सिमट गई. टिम सीफर्ट (5) का विकेट जल्दी गिरने के बाद रचिन रवींद्र (17 बॉल में 30 रन) ने फिन एलन के साथ दूसरे विकेट के लिए 48 गेंदों में 100 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला. एलन 38 गेंदों में 6 छक्कों और 8 चौकों के साथ 80 रन बनाकर आउट हुए.
अर्शदीप सिंह ने खोला ‘पंजा’
इन दोनों के आउट होने के बाद कीवी टीम बिखर गई. डेरिल मिचेल ने 26 रन, जबकि ईश सोढ़ी ने 33 रन का योगदान दिया. अर्शदीप सिंह ने कमाल की गेंदबाजी की और पहले स्पेल में बुरी तरह पिटाई के बाद वापसी करते हुए 51 रन देकर पांच विकेट चटकाए. अक्षर पटेल ने तीन बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया.
