IND VS PAK (Image credit- BCCI X)
IND VS PAK: ईशान किशन की धमाकेदार पारी (40 बॉल में 77 रन) से भारत ने पाकिस्तान (IND VS PAK) को 61 रन से हराकर टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में जीत की हैट्रिक लगाई है. रविवार को खेले गए मैच में भारत ने पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 176 रन का टारगेट रखा था, पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 रन पर ढेर हो गई. भारत की टी-20 वर्ल्ड में पाकिस्तान के खिलाफ यह सबसे बड़ी जीत भी है. ईशान किशन को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया.
टी-20 विश्व कप में भारत की पाकिस्तान (IND VS PAK) पर यह आठवीं जीत है. भारत ने इस जीत के साथ सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली है. वहीं पाकिस्तान को अब सुपर-8 में पहुंचने के लिए नामीबिया के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी.
ईशान की विस्फोटक पारी
भारत (IND VS PAK) ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 175 रन बनाए. ईशान किशन ने 77 रन की पारी में 10 चौके और तीन छक्के लगाए. भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ने 27 बॉल में ही अर्धशतक पूरा कर लिया था. सूर्य कुमार यादव ने 32 रन (29 बॉल) और शिवम दुबे ने 27 रन (17 बॉल) की पारी खेली. रिंकू सिंह 11 रन (04 बॉल) बनाकर नाबाद रहे. तिलक वर्मा ने 25 रन की पारी खेली, वहीं अभिषेक शर्मा खाता भी नहीं खोल सके.
पाकिस्तान (IND VS PAK) के लिए सैम अयूब ने दो विकेट लिए. वहीं अपने एक्शन में चर्चा रहे उस्मान तारिक को सिर्फ एक सफलता मिली. उन्होंने सूर्य कुमार यादव का विकेट हासिल किया.
पाकिस्तान के सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं पार सके
176 रन के टारगेट के जवाब में भारत ने पहले दो ओवर में ही पाकिस्तान (IND VS PAK) के तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया. बाबर आजम का बल्ला एक बार फिर खामोश रहा और वह सिर्फ पांच रन ही बना सके. पाकिस्तान के लिए उस्मान खान ने सबसे ज्यादा 44 रन बनाए. शाहीन अफरीदी ने 23 रन की नाबाद पारी खेली. पाकिस्तान (IND VS PAK) के सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं पार सके. भारत के लिए हार्दिक, जसप्रीत, अक्षर और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट लिए. कुलदीप यादव और तिलक वर्मा को एक-एक सफलता मिली.
SA VS NZ: साउथ अफ्रीका ने टी-20 वर्ल्ड कप में लगाई जीत की हैट्रिक, न्यूजीलैंड को सात विकेट से हराया
अमेरिका ने नामीबिया को हराया
दिन के दूसरे मैच में अमेरिका ने नामीबिया को हराकर टी-20 विश्व कप 2026 में दूसरी जीत दर्ज की. अमेरिका ने नामीबिया के सामने जीत के लिए 200 रन का टारगेट रखा, नामीबिया की टीम 20 ओवर में छह विकेट पर 168 रन ही बना सकी. अमेरिका के लिए संजय कृष्णमूर्ति और कप्तान मोनांक पटेल ने अर्धशतक लगाया.
ZIM VS AUS: जिम्बाब्वे ने टी-20 वर्ल्ड कप में किया बड़ा उलटफेर, ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से हराया
वेस्टइंडीज ने नेपाल को नौ विकेट से हराया
जैसन होल्डर के चार विकेट की मदद से वेस्टइंडीज ने नेपाल को हराकर सुपर-8 में जगह बना ली है. रविवार को खेले गए दिन के पहले मैच में नेपाल की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 133 रन ही बना सकी. वेस्टइंडीज ने इस टारगेट को साईं होप के 44 में बॉल में 61 रन और शिमरन हेटमायर के 32 बॉल में 46 रन की मदद से 15.2 ओवर में हासिल कर लिया.
