IND VS WI: सैमसन की धमाकेदार पारी से भारत टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में, इंग्लैंड से होगा मुकाबला
IND VS WI
IND VS WI: विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन की दमदार पारी से भारत ने वेस्टइंडीज को पांच विकेट से हराकर टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है. भारत के सामने जीत के लिए 196 रन का टारगेट था, भारतीय टीम ने 19.2 ओवर में टारगेट को हासिल कर लिया. संजू सैमसन ने 50 बॉल में 97 रन की नाबाद पारी खेली. भारतीय टीम (IND VS WI) का सेमीफाइनल मुकाबला पांच मार्च को खेला जाएगा, भारतीय टीम दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड से मुंबई भिड़ेगी. वहीं चार मार्च को पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका का सामना न्यूजीलैंड से कोलकाता में होगा.
यह भारत (IND VS WI) का यह टी-20 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ा रन चेज भी है. भारतीय टीम ने पिछले छह वर्ल्ड कप में पांचवीं बार सेमीफाइनल में जगह बनाई है. भारत के खिलाफ मिली हार के साथ ही वेस्टइंडीज (IND VS WI) का टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सफर समाप्त हो गया है.
चेज, होल्डर और पॉवेल की पारी से वेस्टइंडीज ने बनाए 195 रन
टॉस हारने के बाद पहले बैटिंग करते हुए वेस्टइंडीज (IND VS WI) ने 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 195 रन लगाए. रोस्टन चेज ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए पांच चौके और एक छक्के की मदद से 25 गेंदों में 40 रन बनाए. वहीं, अंत के ओवरों में रोवमैन पॉवेल ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 19 गेंदों में 34 रन और जेसन होल्डर ने 22 गेंदों का सामना करते हुए 37 रनों की दमदार पारी खेली. होल्डर और पॉवेल ने मिलकर पांचवें विकेट के लिए 35 गेंदों में 76 रनों की नाबाद साझेदारी की.
भारत के लिए जसप्रीत बुमराह सबसे सफल गेंदबाज रह. बुमराह ने 4 ओवर में 36 रन देकर 2 विकेट हासिल किए. वहीं वरुण चक्रवर्ती और हार्दिक पांड्या ने एक-एक विकेट चटकाया.
सैमसन ने दिलाई भारत को जीत
वेस्टइंडीज (IND VS WI) से मिले 196 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. अभिषेक शर्मा सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हुए, ईशान किशन को भी जेसन होल्डर ने महज 10 रनों के स्कोर पर पवेलियन भेजा. 41 रन पर 2 विकेट गंवाकर मुश्किल में दिख रही टीम इंडिया की पारी को संजू सैमसन ने कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर संभाला. दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 58 रन जोड़े. सूर्या 18 रन बनाकर आउट हुए.
हालांकि, एक छोर से विकेट गिरने के बावजूद संजू सैमसन ने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी जारी रखी और उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया. तिलक वर्मा (15 गेंदों में 27 रन) जेसन होल्डर का शिकार बने, वहीं हार्दिक पांड्या ने 14 गेंदों में 17 रन बनाए.
सैमसन ने तोड़ा रोहित- विराट का रिकॉर्ड
संजू सैमसन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 97 रनों की नाबाद पारी खेली और टीम को जीत दिलाकर ही वापस लौटे. सैमसन ने भारत के लिए टी-20 वर्ल्ड कप में दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी बनाया. उन्होंने रोहित शर्मा (92) और विराट कोहली (89) को पीछे छोड़ दिया. हालांकि वह सुरेश रैना (101) के रिकॉर्ड से चूक गए. अपनी इस इनिंग में संजू ने 12 चौके और 4 छक्के लगाए. वहीं शिवम दुबे 8 रन बनाकर नाबाद रहे
