IND VS PAK (Image credit- @HumairaSaleem22 X)
India vs Pakistan: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भारत के खिलाफ टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में मैच के बहिष्कार करने का फैसला वापस ले लिया है. अब 15 फरवरी को कोलंबो में भारत और पाकिस्तान (India vs Pakistan) का मुकाबला अपने निर्धारित शेड्यूल के तहत ही खेला जाएगा. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बीसीबी चीफ और आईसीसी के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद यह फैसला लिया है.
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ को श्रीलंका और बांग्लादेश ने इसके लिये तैयार किया. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के प्रमुख मोहसिन नकवी ने सोमवार को कहा कि इस पर अंतिम फैसला अगले 24 घंटे में आ जायेगा. नकवी ने कहा कि पीसीबी आईसीसी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड से कुछ मसलों पर जवाब का इंतजार कर रहा है.
मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ को श्रीलंका से राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके का भी फोन आया है जिन्होंने बहिष्कार का फैसला वापिस लेने का आग्रह किया है, जियो न्यूज ने कहा कि शरीफ ने आश्वासन दिया है कि पाकिस्तानी टीम भारत (India vs Pakistan) के खिलाफ खेलेगी.
बीसीबी चीफ ने भी मैच खेलने का किया अनुरोध
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख अमीनुल इस्लाम ने भी पाकिस्तान से भारत के खिलाफ मैच खेलने का अनुरोध किया है. अमीनुल इस्लाम ने कहा, बांग्लादेश के साथ खड़े होने के लिये हम पाकिस्तान के शुक्रगुजार हैं, यह भाईचारा बना रहे. उन्होंने कहा, पाकिस्तान की कल संक्षिप्त यात्रा और हमारी बातचीत के बाद मैं पाकिस्तान से अनुरोध करूंगा कि समूचे क्रिकेट इकोसिस्टम के फायदे के लिये वह 15 फरवरी को भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप (India vs Pakistan) का मैच खेले.
BCCI Central contracts: रोहित- विराट का हुआ डिमोशन, जानें किस ग्रेड में कौन खिलाड़ी शामिल ?
बांग्लादेश के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लेगी आईसीसी
आईसीसी ने सोमवार को कहा कि भारत में टी20 विश्व कप के मैच खेलने से इनकार पर वह बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड पर कोई दंड नहीं लगायेगा. आईसीसी ने कहा कि बीसीबी और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया.
आईसीसी ने कहा कि उसका “नजरिया निष्पक्षता और समानता के सिद्धांतों पर आधारित है और यह सजा देने के बजाय मदद करने के साझा मकसद को दिखाता है.आईसीसी ने यह भी कहा कि बांग्लादेश को 2028 से 2031 के बीच में एक आईसीसी टूर्नामेंट की मेजबानी भी दी जाएगी. पाकिस्तान ने बांग्लादेश के प्रति एकजुटता दिखाते हुए 15 फरवरी को भारत के खिलाफ विश्व कप (India vs Pakistan) का मैच खेलने से इनकार किया था
