KKR VS LSG: मुकुल चौधरी ने धमाकेदार पारी से पलटी हारी हुई बाजी, LSG ने KKR को तीन विकेट से हराया
Mukul Choudhary (Image Credit-IPL)
मुकुल चौधरी के धमाकेदार प्रदर्शन से सांसें रोक देने वाले मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (KKR VS LSG) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR VS LSG) को तीन विकेट से हराया. एलएसजी की तरफ से युवा बल्लेबाज मुकुल चौधरी ने अर्धशतकीय पारी खेलते हुए हारी हुई बाजी को पलट दिया. यह कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR VS LSG) की इस सीजन में तीसरी हार है, लखनऊ सुपर जायंट्स ने आईपीएल 2026 में दूसरी जीत दर्ज की है.
182 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम को मिचेल मार्श और एडेन मार्करम ने सधी हुई शुरुआत दी. दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 4.1 ओवर में 41 रन जोड़े. मार्श 11 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हुए. वहीं, मार्करम अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके और वह 15 गेंदों में 22 रन बनाने के बाद वैभव अरोड़ा का शिकार बने. वैभव ने तीन गेंदों के अंदर ही एलएसजी के दोनों सलामी बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा.
ऋषभ पंत- निकोलस पूरन का बल्ला रहा खामोश
कप्तान ऋषभ पंत बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और नौ गेंदों में 10 रन बनाकर आउट हुए. निकोलस पूरन का निराशाजनक प्रदर्शन इस मुकाबले में भी जारी रहा और वह 15 गेंदों का सामना करने के बावजूद सिर्फ 13 रन ही बना सके. अब्दुल समद को अनुकूल रॉय ने सिर्फ दो रनों के स्कोर पर क्लीन बोल्ड किया. हालांकि, आयुष बदोनी एक छोर संभालकर खड़े रहे और उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली. बदोनी ने 34 गेंदों में 54 रन बनाए. अपनी इस पारी में उन्होंने सात चौके और दो छक्के लगाए.
DC VS GT: रोमांचक मुकाबले में एक रन से जीता गुजरात टाइटंस, आखिरी ओवर में हारी दिल्ली कैपिटल्स
मुकुल चौधरी ने केकेआर के मुंह से छीनी जीत
एलएसजी (KKR VS LSG) ने एक समय 128 रन के स्कोर पर सात विकेट गंवा दिए थे और टीम पर हार का खतरा मंडरा रहा था, 21 साल के बल्लेबाज मुकुल चौधरी ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 27 गेंदों में 54 रनों की नाबाद पारी खेलकर लखनऊ सुपर जायंट्स को यादगार जीत दिलाई. मुकुल ने अपनी इस पारी में दो चौके और सात छक्के लगाए. आखिरी ओवर में जीत के लिए एलएसजी को 14 रनों की जरूरत थी. वैभव अरोड़ा के इस ओवर में मुकुल ने दो छक्के लगाते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR VS LSG) की जीत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया.
गेंदबाजी में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR VS LSG) की ओर से वैभव अरोड़ा, अनुकूल रॉय ने दो-दो विकेट चटकाए. वहीं, नरेन और कैमरून ग्रीन ने एक-एक विकेट निकाला.
केकेआर ने बनाए थे 181 रन
इससे पहले, टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 181 रन लगाए. फिल एलन बल्ले से कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके और सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, अजिंक्य रहाणे और अंगकृष रघुवंशी ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए दूसरे विकेट के लिए 52 गेंदों में 84 रनों की अहम साझेदारी निभाई. रहाणे ने 24 गेंदों में 41 रन बनाए, जबकि अंगकृष ने 33 गेंदों में 45 रन बनाए. रिंकू सिंह सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हुए.
हालांकि, इसके बाद कैमरून ग्रीन और रोवमैन पॉवेल ने मोर्चा संभाला और पांचवें विकेट के लिए 40 गेंदों में 70 रनों की अटूट साझेदारी निभाई। ग्रीन 24 गेंदों में 3 चौके और एक छक्के की मदद से 32 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, पॉवेल ने 4 चौके और 2 छक्के लगाते हुए 24 गेंदों में नाबाद 39 रन बनाए. गेंदबाजी में एलएसजी (KKR VS LSG) की ओर से दिग्वेश राठी, आवेश खान, प्रिंस यादव और सिद्धार्थ ने एक-एक विकेट निकाला.
