मनोज सिन्हा को मिली बड़ी जिम्मेदारी, जम्मू-कश्मीर के नये उप राज्यपाल होंगे
1 min readलखनऊ. पूर्व केंद्रीय मंत्री और यूपी के दिग्गज भाजपा नेता मनोज सिन्हा (Manoj Sinha) को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। मनोज सिन्हा (Manoj Sinha) को जम्मू कश्मीर का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। गुरूवार की सुबह राष्ट्रपति भवन की तरफ से उनकी नियुक्ति का ऐलान किया गया।
बता दें कि बुधवार की शाम जम्मू कश्मीर (Jammu and Kashmir) के उप राज्यपाल जीसी मुर्मू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। जीसी मुर्मू का इस्तीफा देर रात स्वीकार कर लिया गया। गुरूवार की सुबह मनोज सिन्हा (Manoj Sinha) को नया उपराज्यपाल (LG) नियुक्त किया गया। मनोज सिन्हा को धारा- 370 हटने के एक साल बाद यह जिम्मेदारी दी गई है। यानि एक साल बाद फिर से राजीनितिक व्यक्ति की जम्मू कश्मीर में इंट्री हुई है। धारा- 370 हटने से पहले सत्यपाल मलिक वहां के राज्यपाल थे।
पिछले साल पांच अगस्त को जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा प्रदान करने वाले अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधान समाप्त कर दिये थे। जम्मू कश्मीर राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बांट दिया था। 31 अक्टूबर को गुजरात कैडर के आईएएस अधिकारी जीसी मुर्मू को उपराज्यपाल नियुक्त किया गया था।
कौन हैं मनोज सिन्हा:
मनोज सिन्हा (Manoj Sinha) यूपी के पूर्वांचल क्षेत्र से आते हैं। गाजीपुर लोकसभा सीट (Ghazipur Loksabha seat) से सांसद रह चुके हैं। 2017 में यूपी के सीएम बनने की रेस में वह सबसे आगे थे। हालांकि उनकी जगह योगी आदित्यनाथ को यह जिम्मेदारी दी गई। वह भूमिहार वर्ग से आते हैं। 2014 की मोदी सरकार में केंद्रीय रेल राज्य मंंत्री (स्वतंत्र प्रभार) थे। अपने कार्यकाल में उन्होंने क्षेत्र में काफी कार्य किया। हालांकि 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्हें बसपा नेता अफजाल अंसारी के हाथों गाजीपुर में हार का सामना करना पड़ा। हार के बाद भी वह अपने क्षेत्र में सक्रिय थे।