PBKS VS GT: कूपर कोनोली का धमाका, पंजाब किंग्स की गुजरात टाइटंस पर रोमांचक जीत
cooper Connolly (Image Credit-IPL)
PBKS VS GT: पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2026 में जीत के साथ शुरुआत की है. मंगलवार को खेले गए मैच में पंजाब किंग्स (PBKS VS GT) ने गुजरात टाइटंस (PBKS VS GT) को तीन विकट से हराया. गुजरात टाइटंस ने पंजाब के सामने जीत के लिए 163 रन टारगेट रखा था, कूपर कोनोली के 44 बॉल में नाबाद 72 रन की पारी से पंजाब ने 19.1 ओवर में हासिल कर लिया. कूपर कोनोली को मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया.
163 रन के टारगेट का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स (PBKS VS GT) की टीम ने सात के स्कोर पर प्रियांश आर्य (7) का विकेट खो दिया, यहां से कूपर कोनोली ने प्रभसिमरन सिंह के साथ दूसरे विकेट के लिए 49 गेंदों में 76 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 83 के स्कोर तक पहुंचाया.
प्रभसिमरन 24 गेंदों में चार छक्कों और एक चौके के साथ 37 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद कोनोली ने मोर्चा संभाला. उन्होंने कप्तान श्रेयस अय्यर (18) के साथ तीसरे विकेट के लिए 27 रन जुटाए. इसके बाद दूसरे छोर पर विकेट निरंतर अंतराल पर गिरते रहे, लेकिन कोनोली ने मोर्चा संभाले रखा. उन्होंने मार्को जानसेन (9) के साथ 26 रन और जैवियर बार्टलेट (नाबाद 11) के साथ 21 रन की साझेदारी भी की.
कूपर कोनोली ने जड़ा अर्धशतक
कूपर 44 गेंदों में 5 छक्कों और इतने ही चौकों की मदद से 72 रन बनाकर नाबाद रहे. गुजरात के लिए प्रसिद्ध कृष्णा ने 3 विकेट निकाले. इनके अलावा, कगिसो रबाडा, अशोक शर्मा, राशिद खान और वाशिंगटन सुंदर ने 1-1 विकेट अपने नाम किया.
RR VS CSK: वैभव सूर्यवंशी ने 15 गेंदों पर ठोका अर्धशतक, राजस्थान ने चेन्नई को हराया
162 रन ही बना सकी गुजरात की टीम
इससे पहले टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस (PBKS VS GT) ने 6 विकेट खोकर 162 रन बनाए. साई सुदर्शन ने कप्तान शुभमन गिल के साथ पहले विकेट के लिए 3.4 ओवरों में 37 रन की साझेदारी की. सुदर्शन 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद गिल ने जोस बटलर के साथ दूसरे विकेट के लिए 46 रन जुटाकर टीम को मजबूती प्रदान की.
गिल 27 गेंदों में 6 चौकों के साथ 39 रन बनाकर पवेलियन लौटे. यहां से जोस बटलर ने ग्लेन फिलिप्स के साथ 36 रन जोड़कर टीम को शतक के पार पहुंचा दिया. बटलर 38 रन और फिलिप्स 25 रन बनाकर आउट हुए, इनके अलावा, वाशिंगटन सुंदर ने 18 रन का योगदान टीम के खाते में दिया.पंजाब के लिए विजयकुमार वैशाक ने सबसे ज्यादा तीन विकेट हासिल किए, जबकि युजवेंद्र चहल ने दो विकेट निकाले. एक विकेट मार्को जानसेन ने अपने नाम किया.
