SA VS AFG: एक नहीं डबल सुपर ओवर, सांस रोक देने वाले मैच में साउथ अफ्रीका ने मारी बाजी, अफगानिस्तान का दिल टूटा
SA VS AFG (Image credit- @ProteasMenCSA X)
SA VS AFG: आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप में बुधवार को साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान (SA VS AFG) के बीच खेले गए मैच में रोमांच की सारी हदें पार हो गई. दोनों देशों के बीच सांस रोक देने वाला मुकाबला खेला गया, जहां मैच का नतीजा दूसरे सुपर ओवर में निकला. साउथ अफ्रीका ने दूसरे ओवर में रोमांचक मुकाबले में अफगानिस्तान (SA VS AFG) को हराकर टूर्नामेंट में दूसरी जीत दर्ज की. वहीं अफगानिस्तान की टीम लगातार दूसरे मैच में हराकर सुपर-8 की रेस से लगभग बाहर हो गई है. लुंगी एनगिडी (तीन विकेट) को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया.
इस मैच में साउथ अफ्रीका (SA VS AFG) की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए रियान रिकेल्टन के 28 बॉल में 61 रन और क्विंटन डि कॉक के 41 बॉल में 59 रन की मदद से 20 ओवर में छह विकेट पर 187 रन बनाए. डेवाल्ड ब्रेविस ने 19 बॉल में 23 रन, डेविड मिलर ने 15 बॉल में नाबाद 20 रन और मार्को यानसेन ने सात बॉल में 16 रन की पारी खेली.
अफगानिस्तान की टीम इसके जवाब में 19.4 ओवर में 187 रन के स्कोर पर ही ऑल आउट हो गई. रहमानुल्लाह गुरबाज ने 42 बॉल में 84 रन की पारी खेली. आखिरी ओवर में अफगानिस्तान को जीत के लिए 13 रन बनाने थे, नूर अहमद (09 गेंद में नाबाद 15 रन) ने अफगानिस्तान को मैच में बनाए रखा. आखिरी बॉल पर फजल हक फारुकी दो रन पूरा नहीं कर सके और यानसेन के थ्रो पर गेंदबाज कागिसो रबाडा ने रन आउट कर दिया. फजल हक फारुकी दूसरा रन लेते वक्त धीमे भी नजर आए. आखिरी ओवर में कागिसो रबाडा ने दो नो बॉल डाले. इसके बाद यह मैच सुपर ओवर में चला गया.
पहला सुपर ओवर रहा टाई
पहले सुपर ओवर में अफगानिस्तान (SA VS AFG) की टीम ने पहले बल्लेबाजी की. इस ओवर में साउथ अफ्रीकी गेंदबाज लुंगी एनगिडी की पहली दो बॉल पर अजमतुल्लाह ओमरजई ने 10 रन जड़ दिए. ओवर की तीसरी और चौथी बॉल पर सिंगल आया. पांचवीं बॉल पर ओमरजई ने चौका लगाया और आखिरी ओवर पर एक रन बने, जिससे अफगानिस्तान ने 17 रन बनाए.
18 रन के टारगेट के जवाब में साउथ अफ्रीका (SA VS AFG) ने डेविड मिलर और ट्रिस्टन स्टब्स के साथ पारी की शुरुआत की. पहली बॉल पर डेविड मिलर ने सिंगल लिया, वहीं दूसरी बॉल पर फजल हक फारुकी को डेवाल्ड ब्रेविस ने छक्का जड़ा दिया. ओवर की तीसरी बॉल पर फजल हक फारुकी ने वापसी की और डेवाल्ड ब्रेविस को आउट कर दिया.
अब तीन बॉल में साउथ अफ्रीका को 11 रन बनाने थे. चौथी बॉल पर नए बल्लेबाज ट्रिस्टन स्टब्स के बल्ले से लगकर गेंद पीछे चार रन के लिए गई. फजल हक फारुकी की पांचवीं गेंद डॉट थी और साउथ अफ्रीका को आखिरी बॉल पर जीत के लिए सात रन बनाने थे. ट्रिस्टन स्टब्स ने आखिरी बॉल पर छक्का जड़कर सुपर ओवर को टाई कर दिया.
दूसरे सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका की रोमांचक जीत
दूसरे सुपर ओवर में बल्लेबाजी की शुरुआत साउथ अफ्रीका (SA VS AFG) ने की. वहीं अफगानिस्तान के लिए अजमतुल्लाह ओमरजई ने गेंद संभाला. अजमतुल्लाह ओमरजई की पहली बॉल पर ट्रिस्टन स्टब्स ने छक्का जड़कर धमाकेदार शुरुआत की. दूसरी बॉल पर स्टब्स ने सिंगल लिया और स्ट्राइक डेविड मिलर को दी. डेविड मिलर ने तीसरी बॉल पर डबल हासिल किया, वहीं ओवर की चौथी और पांचवीं बॉल पर उन्होंने दो लगातार छक्के लगाए. आखिरी बॉल पर डेविड मिलर ने डबल हासिल किया, जिससे साउथ अफ्रीका ने 23 रन बनाए.
24 रन के टारगेट को बचाने के लिए साउथ अफ्रीका (SA VS AFG) ने केशव महाराज को गेंद सौंपी. केशव महाराज की पहली बॉल डॉट रही और मोहम्मद नबी कोई रन नहीं बना सके. दूसरी बॉल पर मोहम्मद नबी आउट हो गए. डेविड मिलर ने उनका शानदार कैच लपका. अब चार बॉल में अफगानिस्तान को 24 रन बनाने थे. रहमानुल्लाह गुरबाज ने इसके बाद तीन गेंदों पर लगातार तीन छक्के जड़कर मैच में रोमांच ला दिया.
आखिरी बॉल पर अफगानिस्तान को जीत के लिए छह रन बनाने थे, केशव महाराज ने वाइड बॉल फेंकी. अब आखिरी बॉल पर चौका लगते ही मैच एक ओवर सुपर ओवर की तरफ चला जाता, मगर आखिरी बॉल पर केशव महाराज ने रहमानुल्लाह गुरबाज को डेविड मिलर के हाथों कैच कराया और साउथ अफ्रीका को सांस रोक देने वाले मैच में जीत दिलाई.
