निसर्ग तूफान महाराष्ट्र के तटीय इलाकों से टकराया, मुंबई में हाई टाइड की चेतावनी

चक्रवाती तूफान निसर्ग ने भारत में दस्तक दे दी है। महाराष्ट्र के तटीय इलाकों और मुंबई के अलीबाग के तट से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से यह तूफान टकराया है। तूफान की वजह से मुंबई के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। एहतियात के तौर पर मुंबई एयरपोर्ट को शाम सात बजे तक बंद कर दिया गया है।  वहीं बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर गाड़ियों की आवाजाही पर रोक लगा दिया गया है। 

चक्रवाती तूफान को लेकर मुंबई और गुजरात के ज्यादातर इलाकों में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। मौसम विभाग के अनुसार लैंडफॉल को पूरा होने में करीब 3 घंटे का समय लगेगा। कई जगहों पर तेज हवाओं की वजह से सड़कों पर पेड़ टूट कर गिर गए हैं। तेज बारिश के कारण लोगों को अपने घर में ही रहने की अपील की जा रही है और तटीय इलाकों में जाने से रोक दिया गया है। 

तूफान के कारण महाराष्ट्र के रत्नागिरी इलाके के समंदर में ऊंची- ऊंची लहरे उठ रही है। तूफान की वजह से उठ रही ये लहरें इतनी ऊंची हैं कि समंदर के किनारे पर बंधे हुए जहाज भी हिल जा रहे हैं। मौसम  विभाग के अनुसार बुधवार रात 9 बजकर 48 मिनट पर मुंबई में हाई टाइड की चेतावनी दी है। कहा है कि निसर्ग तूफान (Cyclone Nisarga) के कारण 100-120 किलोमीटर प्रति घंटे की तूफानी हवाएं और समंदर में उठने वाली 6 फीट ऊंची लहरें मुंबई को फिर से पानी-पानी कर सकती है।

क्यों आता है चक्रवाती तूफान ?

समुद्र के गर्म क्षेत्र में हवा गर्म होकर अत्यंत कम वायु दाब का क्षेत्र बनाती है। हवा गर्म होकर तेजी से ऊपर आती है और ऊपर की नमी से मिलकर संघनन से बादल बनाती है। इस वजह से बने खाली जगह को भरने के लिए नम हवा तेजी से नीचे जाकर ऊपर आती है । जब हवा बहुत तेजी से उस क्षेत्र के चारों तरफ घूमती है तो तेज हवाएं और मूसलाधार बारिश होती है। जून के महीने चक्रवाती तूफान का आना आम बात माना जाता है।