SRH VS CSK: अभिषेक- क्लासेन की विस्फोटक पारी, मलिंगा ने गेंद से बरपाया कहर, सीएसके को मिली चौथी हार
SRH VS CSK (Image Credit- IPL)
SRH VS CSK: अभिषेक शर्मा (59) और हेनरिक क्लासेन (58) के अर्धशतक के बाद ईशान मलिंगा के तीन विकेट की मदद से सनराइजर्स हैदराबाद (SRH VS CSK) की टीम ने आईपीएल 2026 में तीसरी जीत दर्ज की है. शनिवार को खेले गए मैच में हैदराबाद ने चेन्नई को 10 रन से हरा दिया. चेन्नई सुपरकिंग्स (SRH VS CSK) की यह चौथी हार है. ईशान मलिंगा को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया.
195 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीएसके (SRH VS CSK) की टीम 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 184 रन ही बना सकी. यह सनराइजर्स हैदराबाद की इस सीजन की तीसरी जीत है. इस जीत के बाद हैदराबाद प्वाइंट्स टेबल में चौथे अंक पर पहुंच गई है.
सैमसन- गायकवाड़ ने किया निराश
चेन्नई सुपर किंग्स (SRH VS CSK) की शुरुआत अच्छी नहीं रही. संजू सैमसन बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और तीन गेंदों में सात रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद दूसरे विकेट के लिए कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने आयुष म्हात्रे के साथ मिलकर 51 रनों की अहम साझेदारी निभाई. ऋतुराज 13 गेंदों में 19 रन बनाने के बाद आउट हुए. वहीं, म्हात्रे ने 13 गेंदों का सामना करते हुए पांच चौके और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाए. मैथ्यू शॉर्ट ने 34 रनों का योगदान दिया. सरफराज खान अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और वह 19 गेंदों में 25 रन बनाकर ईशान मलिंगा का शिकार बने.
डेवाल्ड ब्रेविस को शिवांग कुमार ने बिना खाता खोले पवेलियन भेजा. वहीं, शिवम दुबे को 21 रनों के स्कोर पर साकिब हुसैन ने क्लीन बोल्ड किया. जेमी ओवरटन 15 गेंदों में 16 रन बनाने के बाद प्रफुल्ले हिंगा का शिकार बने. अंशुल कंबोज आठ गेंदों में 13 रन बनाकर नाबाद रहे.
ईशान मलिंगा ने चटकाए तीन विकेट
गेंदबाजी में एसआरएच (SRH VS CSK) की तरफ से ईशान मलिंगा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 29 रन देकर तीन विकेट चटकाए, जबकि नीतीश कुमार रेड्डी ने दो विकेट निकाले. शिवांग कुमार और साकिब हुसैन ने एक-एक विकेट अपने नाम किया.
अभिषेक- क्लासेन के अर्धशतक से हैदराबाद ने बनाए 194 रन
इससे पहले टॉस गंवाने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद को अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने दमदार शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 75 रन जोड़े. हेड 20 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अभिषेक ने महज 22 गेंदों का सामना करते हुए छह चौके और चार छक्कों की मदद से 59 रन बनाए. वहीं, कप्तान ईशान किशन बिना खाता खोले मुकेश चौधरी का शिकार बने. हेनरिक क्लासेन ने 39 गेंदों में 59 रनों की शानदार पारी खेली. क्लासेन ने अपनी इस पारी में छह चौके और दो छक्के लगाए.
अनिकेत वर्मा दो रन ही बना सके, जबकि नीतीश कुमार रेड्डी ने 12 और सलिल अरोड़ा ने 13 रन बनाए. लिविंगस्टन एक रन ही बना पाए, तो शिवांग कुमार ने 12 रनों का योगदान दिया. गेंदबाजी में सीएसके (SRH VS CSK) की तरफ से अंशुल कंबोज और जेमी ओवरटन ने तीन-तीन विकेट चटकाए. वहीं, मुकेश चौधरी ने दो विकेट अपने नाम किए. सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 194 रन बनाए.
