IND VS ENG: वर्ल्ड चैंपियन इंडिया की इंग्लैंड में भारी बेइज्जती, गंवाई T20I सीरीज
IND VS ENG (Image credit- BCCI X)
IND VS ENG: कप्तान हैरी ब्रूक (नाबाद 79 रन, 35 गेंद, आठ चौके, चार छक्के) और फिल सॉल्ट ( नाबाद 59 रन, 42 गेंद, नौ चौके, एक छक्का) के अर्धशतक और दोनों के बीच शतकीय (146*) साझेदारी से इंग्लैंड ने चौथे टी20 मैच में भारत (IND VS ENG) के खिलाफ नौ विकेट की एकतरफा जीत दर्ज की. इंग्लैंड ने इस जीत के साथ टी-20 सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है. इंग्लैंड की टीम ने पहली बार भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज अपने नाम किया है. वहीं श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम की हार का सिलसिला भी जारी है. इससे पहले भारत ने आयरलैंड के खिलाफ 0-2 से सीरीज गंवाई थी.
भारत (IND VS ENG) ने श्रेयस अय्यर की 49 गेंद में चार चौकों और पांच छक्कों से नाबाद 80 रन की पारी और शिवम दुबे (22) के साथ चौथे विकेट के लिए उनकी 53 रन की साझेदारी से सात विकेट पर 158 रन बनाए थे. अय्यर के अलावा भारत का कोई अन्य बल्लेबाज लय में नजर नहीं आया. भारतीय कप्तान ने अकेले भारतीय पारी में आधे से अधिक रन बनाए. इंग्लैंड की ओर से तेज गेंदबाजों जोफ्रा आर्चर और जोश टंग ने क्रमश: 20 और 36 रन देकर दो-दो विकेट चटकाए.
इंग्लैंड ने 13.5 ओवर में ही जीता मुकाबला
159 रन के टारगेट का पीछा करते हुए इंग्लैंड (IND VS ENG) की शुरुआत भी खराब रही और टीम ने तीसरे ओवर में अर्शदीप सिंह की गेंद पर जोस बटलर (08) का विकेट गंवा दिया. मगर इसके बाद फिल साल्ट और हैरी ब्रूक की जोड़ी ने भारतीय गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया. हैरी ब्रूक ने 21 गेंद में अर्धशतक लगाया. वहीं फिल साल्ट ने 34 गेंद में अर्धशतक लगाया. इस सीरीज में साल्ट का यह लगातार दूसरा अर्धशतक है.
वैभव फिर फ्लॉप, ईशान किशन का नहीं चला बल्ला
इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरे भारत की शुरुआत खराब रही जब वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर नाकाम रहे और सिर्फ 15 रन बनाने के बाद आर्चर की गेंद को मिड ऑन पर सैम कुरेन के हाथों में खेल गए. वैभव सूर्यवंशी इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों में अब तक सिर्फ 42 रन ही बना सके हैं. इशान किशन भी सिर्फ चार रन बनाने के बाद टंग की गेंद पर शॉर्ट थर्ड मैन पर कुरेन को आसान कैच दे बैठे. वहीं अभिषेक शर्मा ने 16 रन का योगदान दिया. तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर ने इस मैच में पूरी तरह निराश किया.
