IND VS NED: शिवम दुबे- वरुण चक्रवर्ती के धमाल से भारत ने नीदरलैंड्स को हराया, पाकिस्तान भी सुपर-8 में पहुंचा
IND VS NED (Image credit- BCCI X)
IND VS NED: शिवम दुबे के ऑलराउंड प्रदर्शन (66 रन और दो विकेट) और वरुण चक्रवर्ती (तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी से टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने आखिरी लीग मैच में भारत ने नीदरलैंड्स (IND VS NED) को 17 रन से हरा दिया. भारतीय टीम की टी-20 वर्ल्ड कप में यह लगातार चौथी जीत है.
शिवम दुबे (31 रन पर 66 रन) की विस्फोटक पारी की बदौलत भारत (IND VS NED) ने 20 छह विकेट पर 193 रन बनाए, नीदरलैंड्स (IND VS NED) की टीम वरुण चक्रवर्ती ( तीन ओवर में 14 रन देकर 3 विकेट) के स्पेल के आगे 20 ओवर में सात विकेट पर 176 रन ही बना सकी. भारतीय टीम अब अपना अगला मुकाबला 22 फरवरी को साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलेगी. शिवम दुबे को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब भी दिया गया.
शिवम दुबे ने 31 बॉल में 66 रन की पारी में चार चौके और छह छक्के लगाए. दुबे के अलावा ईशान किशन ने 18 रन, तिलक वर्मा ने 31 रन, सूर्य कुमार यादव ने 34 रन, हार्दिक पांड्या ने 30 रन और रिंकू सिंह ने नाबाद छह रन बनाए. भारत की पारी के जवाब में नीदरलैंड्स (IND VS NED) का कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका. वरुण चक्रवर्ती ने तीन विकेट चटकाए, वहीं शिवम दुबे को दो सफलता मिली.
सुपर-8 में पहुंचा पाकिस्तान
वहीं दिन के अन्य मैच में पाकिस्तान की टीम ने नामीबिया को 102 रन से हराकर सुपर 8 में अपनी जगह पक्की की. साहिबजादा फरहान के शतक की बदौलत पाकिस्तान ने 199 रन बनाए. साहिबजादा फरहान ने 100 रन (58 बॉल) की नाबाद पारी खेली. वह टी-20 वर्ल्ड कप में शतक लगाने वाले अहमद शहजाद के बाद दूसरे पाकिस्तानी बल्लेबाज भी बने हैं. नामीबिया की टीम इस टारगेट के जवाब में 17.3 ओवर में 97 रन पर ढेर हो गई. उस्मान तारिक ने 3.3 ओवर में 16 रन देकर चार विकेट लिए, वहीं शादाब खान ने चार ओवर में 19 रन देकर तीन विकेट लिए.
साउथ अफ्रीका ने यूएई को हराया
वहीं साउथ अफ्रीका ने बुधवार को दिन के पहले मैच में यूएई को छह विकेट से हराया. साउथ अफ्रीका की टी-20 वर्ल्ड कप में लगातार चौथी जीत है. साउथ अफ्रीका ने यूएई को 122 रन पर रोककर इस टारगेट को 13.2 ओवर में चार विकेट खोकर हासिल कर लिया.
