IND VS NZ (Image credit- BCCI X)
IND VS NZ: भारतीय क्रिकेट टीम ने अहमदाबाद में इतिहास रच दिया है. भारत ने न्यूजीलैंड (IND VS NZ) को 96 रन से हराकर तीसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप (IND VS NZ) का खिताब अपने नाम किया. भारतीय टीम तीन टी-20 वर्ल्ड कप खिताब जीतने वाली पहली टीम बनी है. इसके अलावा भारत पहली टीम है, जिसने लगातार दो बार और घर पर टी20 वर्ल्ड कप पहली बार जीता है.
भारत से मिले 256 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड (IND VS NZ) की पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हुई.
बुमराह- अक्षर के आगे न्यूजीलैंड ने घुटने टेके
फाइनल में भारत से मिले 256 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड (IND VS NZ) टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. सेमीफाइनल में शतकीय पारी खेलने वाले फिन एलन महज नौ रन बनाकर अक्षर पटेल का शिकार बने, इसके बाद रचिन रविंद्र भी एक रन बनाकर आउट हुए, ग्लेन फिलिप्स ने भी निराश किया और वह सिर्फ पांच रन बनाकर आउट हुए. मार्क चैपमेन को 3 रनों के स्कोर पर हार्दिक पांड्या ने पवेलियन भेजा, डेरिल मिचेल की खराब फॉर्म फाइनल में भी जारी रही और वह 17 रन ही बना सके।
एक छोर से बढ़िया बल्लेबाजी कर रहे टिम सीफर्ट 26 गेंदों में 52 रन बनाने के बाद वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर ईशान किशन को कैच देकर पवेलियन लौटे. सीफर्ट ने अपनी पारी में 2 चौके और 5 छक्के लगाए. जेम्स नीशम 8 रन ही बना सके, मैट हेनरी अपना खाता भी नहीं खोल पाए, कप्तान मिचेल सैंटनर ने 35 गेंदों में 43 रन बनाए.
न्यूजीलैंड (IND VS NZ) ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए और पूरी टीम 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. भारत की ओर से गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 15 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए, वहीं अक्षर पटेल ने 27 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि हार्दिक पांड्या और वरुण चक्रवर्ती को एक-एक सफलता मिली.
T20 World Cup 2026 Prize Money: टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टीम इंडिया को कितनी प्राइज मनी मिली ?
अभिषेक-सैमसन और ईशान ने जड़ा अर्धशतक
टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम (IND VS NZ) को अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने तूफानी शुरुआत दी. दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 7.1 ओवर में 98 रन जोड़े, अभिषेक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 21 गेंदों में 52 रनों की आतिशी पारी खेली, वहीं, संजू सैमसन ने 46 गेंदों में 5 चौके और 8 छक्कों की मदद से 89 रन बनाए, संजू टी20 विश्व कप के फाइनल में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बने.
नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे ईशान किशन भी बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 25 गेंदों में 54 रन बनाए. ईशान ने 216 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 4 चौके और चार छक्के लगाए। हालांकि, हार्दिक पांड्या और कप्तान सूर्यकुमार यादव बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके. सूर्या बिना खाता खोले पवेलियन लौटे, जबकि हार्दिक ने 18 रन बनाए,
आखिरी ओवर में शिवम दुबे का धमाका
अंतिम ओवरों में शिवम दुबे ने 8 गेंदों में नाबाद 26 रन बनाए, जिसके दम पर भारतीय टीम 5 विकेट खोकर 255 रनों के बड़े टोटल तक पहुंचने में सफल रही, यह टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबले का सबसे बड़ा स्कोर भी रहा.
