IPL (Image credit- @IPL X)
IPL 2026: आईपीएल 2026 (IPL 2026) का आयोजन अब 28 मार्च से होगा. आईपीएल 2026 का आयोजन पहले 26 मार्च से होना था, 15 दिसंबर को आईपीएल ऑक्शन के दौरान फ्रेंचाइजी टीमों को इसे लेकर जानकारी भी दी गई थी, मगर अब इसे दो दिन के लिए बढ़ा दिया गया है. क्रिकइंफो की रिपोर्ट में बताया गया है कि टूर्नामेंट दो दिन की देरी से शुरू होगा, हालांकि इसकी वजह नहीं बताई गई है.
आईपीएल 2026 (IPL 2026) के शेड्यूल को लेकर अगले सप्ताह गर्वनिंग काउंसिल की बैठक होगी, जिसमें शेड्यूल को अंतिम रूप दिया जाएगा. क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक बंगाल, तमिलनाडु और असम में होने वाले चुनाव की तारीख की घोषणा होने में हो रही देरी की वजह से शेड्यूल में देरी हो रही है. बंगाल में कोलकाता का इडेन गार्डन्स केकेआर का होम ग्राउंड है. वहीं तमिलनाडु में चेपॉक स्टेडियम सीएसके का होम ग्राउंड है. वहीं असम का गुवाहाटी राजस्थान रॉयल्स का दूसरा वेन्यू है. चुनाव की तारीखों के ऐलान में हो रही देरी से आईपीएल शेड्यूल (IPL 2026) जारी होने में देरी हो रही है.
कहां खेला जाएगा ओपनिंग मैच ?
आरसीबी की टीम आईपीएल 2026 (IPL 2026) का ओपनिंग मैच खेलेगी, मगर आरसीबी कहां और किसके साथ यह मुकाबला खेलेगी, इसे लेकर भी सस्पेंस बना हुआ है. आरसीबी के होमग्राउंड बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में पिछले सीजन हुई भगदड़ के बाद यहां टूर्नामेंट के मैच होंगे या नहीं, यह भी साफ नहीं है. हालांकि आरसीबी की तरफ से वैकल्पिक वेन्यू भी शॉर्टलिस्ट किए थे, इनमें नवी मुंबई, रायपुर और पुणे शामिल है.
आरसीबी की टीम ने आईपीएल 2025 का खिताब जीतकर 18 साल का सूखा खत्म किया था. आरसीबी की टीम ने फाइनल में पंजाब किंग्स को हराया था.
