RANJI TROPHY: जम्मू-कश्मीर ने रचा इतिहास, 8 बार की विजेता कर्नाटक को पस्त कर रणजी ट्रॉफी पर किया कब्जा
Ranji Trophy
Ranji Trophy: जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम ने शनिवार को इतिहास रच दिया. पारस डोगरा की कप्तानी वाली जम्मू-कश्मीर ने पहली बार रणजी ट्रॉफी (Ranji Trophy) का खिताब अपने नाम कर लिया. खेल के पांचवें दिन जम्मू- कश्मीर की टीम ने दूसरी पारी में चार विकेट पर 342 रन बनाए. इसके बाद पारी को घोषित कर दिया. हालांकि कर्नाटक के कप्तान ने इसके बाद हैंडशेक किया और मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ. पहली पारी में मिली लीड के आधार पर जम्मू-कश्मीर को विजेता घोषित किया गया. 67 साल के रणजी ट्रॉफी (Ranji Trophy) इतिहास में जम्मू- कश्मीर ने पहली बार इस खिताब को जीता है.
जम्मू-कश्मीर की इस जीत के बाद क्रिकेट जगत ने टीम को बधाई दी है. आईसीसी अध्यक्ष जय शाह, मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर, युवराज सिंह जैसे कई दिग्गज क्रिकेटर्स ने भी जम्मू-कश्मीर की इस कामयाबी पर खुशी जताई है. वहीं जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने दो करोड़ रुपए के प्राइज का ऐलान किया है.
शुभम पुंडिर ने पहली पारी और कामरान इकबाल ने दूसरी पारी में जड़ा शतक
इस मैच (Ranji Trophy) की बात करें तो जम्मू-कश्मीर के कप्तान पारस डोगरा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था. शुभम पुंडिर के 121, यावेर हसन खान के 88, साहिल लोतरा के 72, कन्हैया वधावन के 70, और कप्तान पारस डोगरा के 70 रन की बदौलत जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में 584 रन बनाए थे, कर्नाटक की पहली पारी 293 रन पर समाप्त हो गई थी, कर्नाटक के लिए कप्तान मयंक अग्रवाल ने 160 रन की पारी खेली थी, इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर नहीं टिक सका.
IPL 2026: आईपीएल 2026 को लेकर आया बड़ा अपडेट, अब 26 मार्च की जगह इस तारीख से शुरू होगा टूर्नामेंट
जम्मू-कश्मीर (Ranji Trophy) के लिए आकिब नबी ने पांच विकेट चटकाए. सुनील कुमार और युदवीर सिंह ने 2-2, जबकि साहिल लोतरा ने 1 विकेट लिया. पहली पारी में 291 रन की बड़ी बढ़त लेने वाली जम्मू-कश्मीर ने दूसरी पारी में 11 रन पर दो विकेट गंवाने के बावजूद जोरदार वापसी की और दमदार बल्लेबाजी की और दूसरी पारी जम्मू-कश्मीर ने 4 विकेट पर 342 रन बनाकर घोषित की. सलामी बल्लेबाज कामरान इकबाल 160 और साहिल लोतरा 101 रन पर नाबाद रहे. दोनों के बीच 197 रन की नाबाद साझेदारी हुई, साहिल का शतक पूरा होते ही कप्तान पारस डोगरा ने पारी घोषित कर दी. शुभम पुंडिर प्लेयर ऑफ द मैच रहे, जबकि औकिब नबी प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे.
