SL VS IRE (Image credit-ICC X)
SL VS IRE: कुसल मेंडिस और कामिंदु मेंडिस की शानदार बल्लेबाजी के बाद महीश तीक्ष्णा और वानिंदु हसंरगा की धारदार गेंदबाजी से श्रीलंका ने टी-20 वर्ल्ड कप में जीत के साथ शुरुआत की है. श्रीलंका ने आयरलैंड (SL VS IRE) के खिलाफ रविवार को टी20 वर्ल्ड कप-2026 के छठे मुकाबले में 20 रन से जीत दर्ज की. कामिंदु मेंडिस को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया.
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी श्रीलंकाई टीम (SL VS IRE) ने 6 विकेट खोकर 163 रन बनाए. पथुम निसांका (24) और कामिल मिसारा (14) बड़ी पारी नहीं खेल सके. श्रीलंका की टीम ने एक समय 86 के स्कोर तक चार विकेट गंवा दिए थे, मगर इसके बाद कुसल मेंडिस ने कामिंदु मेंडिस के साथ मिलकर पारी को संभाला.
कुसल मेंडिस- कामिंदु मेंडिस के बीच अर्धशतकीय साझेदारी
कुसल मेंडिस ने कामिंदु मेंडिस के साथ 29 गेंदों में 67 रन की साझेदारी कर श्रीलंका को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया. कामिंदु ने 19 गेंदों में 2 छक्कों और 4 चौकों के साथ 44 रन जुटाए, जबकि कुसल मेंडिस ने 43 गेंदों में नाबाद 56 रन (पांच चौके) बनाए.
143 रन पर सिमटी आयरलैंड की टीम
आयरलैंड (SL VS IRE) की टीम श्रीलंकाई टारगेट के जवाब में 19.5 ओवरों में 143 रन पर सिमट गई. कप्तान पॉल स्टर्लिंग 6 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद हैरी टेक्टर ने एडेर के साथ दूसरे विकेट के लिए 32 रन जुटाते हुए टीम को 56 के स्कोर तक पहुंचाया.एडेर 23 गेंदों में 34 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद टेक्टर ने लॉरेन टकर के साथ तीसरे विकेट के लिए 38 गेंदों में 49 रन जोड़कर टीम का शतक पूरा करवाया.
टकर ने टीम के खाते में 21 रन का योगदान दिया, जबकि टेक्टर ने 34 गेंदों में 40 रन की पारी खेली. आयरलैंड ने 120 के स्कोर पर अपना पांचवां विकेट गंवाया था, जिसके बाद टीम 13 रन ही अपने खाते में जोड़ सकी.
महीश तीक्ष्णा और वानिंदु हसंरगा ने गेंद से बरपाया कहर
श्रीलंकाई स्पिनर्स (SL VS IRE) के आगे आयरलैंड के बल्लेबाजों ने सरेंडर कर दिया. महीश तीक्ष्णा ने चार ओवर में 23 रन देकर तीन विकेट लिए, वहीं वानिंदु हसरंगा ने चार ओवर में 25 रन देकर तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा. मथीशा पथिराना को दो सफलता मिली.
