SL VS PAK: श्रीलंका से जीतकर भी ‘हारा’ पाकिस्तान, न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में बनाई जगह
SL VS PAK (Image credit-ICC X)
SL VS PAK: टी20 वर्ल्ड कप 2026 से श्रीलंका ने पाकिस्तान को बाहर का रास्ता दिखा दिया. शनिवार को पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान (SL VS PAK) की टीम ने पांच रन से रोमांचक जीत दर्ज की, मगर नेट रन रेट खराब होने की वजह से वह सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सकी. पाकिस्तान के बाहर होते ही न्यूजीलैंड की टीम सेमीफाइनल में पहुंचने वाली तीसरी टीम बन गई है.
पाकिस्तान से मिले 213 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की टीम (SL VS PAK) छह विकेट खोकर 207 रन ही बना सकी. पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए श्रीलंका को 147 या उससे कम रनों पर रोकना था. मगर पाकिस्तान के गेंदबाज ऐसा करने में नाकाम रहे. मैच में शतक जड़ने वाले साहिबजादा फरहान को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया.
पाकिस्तान (SL VS PAK) से मिले 213 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम ने 101 रन के स्कोर पर पांच विकेट गंवा दिए थे, मगर पवन रत्नायके ने एक छोर संभाले रखा और उन्होंने 37 गेंदों में 58 रनों की दमदार पारी खेली. अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने चार चौके और तीन छक्के लगाए. वहीं कप्तान दासुन शनाका ने अंतिम ओवरों में तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 31 गेंदों में 76 रनों की नाबाद पारी खेली, पारी के 19वें ओवर में शनाका ने 18 और अंतिम ओवर में 22 रन बनाए.
आखिरी ओवर में रोमांचक मुकाबले में हारा श्रीलंका
आखिरी ओवर में जीत के लिए श्रीलंका को 28 रनों की जरूरत थी. शनाका ने शाहीन अफरीदी के इस ओवर में तीन छक्के और एक चौका लगाया, लेकिन आखिरी दो गेंदों पर वह बड़ा शॉट नहीं लगा सके. गेंदबाजी में पाकिस्तान की तरफ से अबरार अहमद ने चार ओवर में 23 रन देकर तीन विकेट चटकाए.
इससे पहले पाकिस्तान (SL VS PAK) ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 212 रन लगाए. साहिबजादा फरहान ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 60 गेंदों में 100 रनों (09 चौके, 05 छक्के) की पारी खेली. वहीं, फखर जमान ने ताबड़तोड़ अंदाज में खेलते हुए 42 गेंदों में 84 रन (09चौके, 04 छक्के) बनाए. दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 15.5 ओवर में 176 रनों की साझेदारी निभाई, जो टी20 विश्व कप में किसी भी विकेट के लिए की गई सबसे बड़ी साझेदारी भी है.
गेंदबाजी में श्रीलंका की ओर से दिलशान मदुशंका ने 33 रन देकर 3 विकेट चटकाए, वहीं दासुन शनाका ने दो विकेट अपने नाम किए
