U19 World Cup 2026: भारत ने छठी बार जीता अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब, वैभव सूर्यवंशी ने मचाया धमाल

0
U19 World Cup 2026

U19 World Cup 2026 (Image credit- BCCI X)

Spread the love

U19 World Cup 2026: भारत ने इंग्लैंड को 100 रन से मात देकर छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप (U19 World Cup 2026) का खिताब अपने नाम किया है. शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में भारत के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 30 बाउंड्री के साथ 175 रन की यादगार पारी खेली, जिससे भारतीय टीम ने 9 विकेट खोकर 411 रन बनाए, इंग्लैंड की टीम इसके जवाब में 311 रन के स्कोर पर ढेर हो गई.

आयुष म्हात्रे की कप्तानी में भारत ने हरारे में इस मुकाबले को जीतकर छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप खिताब (U19 World Cup 2026) जीतने का कारनामा किया. इससे पहले भारत ने मोहम्मद कैफ, विराट कोहली, उन्मुक्त चंद, पृथ्वी साव और यश ढुल की कप्तानी में अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था. वैभव सूर्यवंशी को प्लेयर ऑफ द मैच के साथ प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब भी दिया गया.

वैभव सूर्यवंशी ने खेली 175 रन की पारी

भारत (U19 World Cup 2026) को महज 20 के स्कोर पर आरोन जॉर्ज (9) के रूप में पहला झटका लग गया था. इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने कप्तान आयुष म्हात्रे के साथ दूसरे विकेट के लिए 142 रन की साझेदारी की. म्हात्रे 51 गेंदों में 53 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद सूर्यवंशी ने वेदांत त्रिवेदी के साथ तीसरे विकेट के लिए 39 गेंदों में 89 रन जोड़ते हुए भारत को 251 के स्कोर तक पहुंचा दिया. वैभव 80 गेंदों में 15 चौकों और इतने ही छक्कों के साथ 175 रन बनाकर आउट हुए, विहान मल्होत्रा ने वेदांत त्रिवेदी के साथ 51 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 300 के पार पहुंचा दिया.

विहान 30 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद अभिज्ञान कुंडु ने 31 गेंदों में 40 रन की पारी खेली. अंतिम ओवरों में 37 रन की नाबाद पारी खेलते हुए कनिष्क चौहान ने भारत को 411/9 के स्कोर तक पहुंचा दिया. इंग्लैंड के लिए जेम्स मिंटो ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए. जबकि सेबेस्टियन मॉर्गन और एलेक्स ग्रीन ने 2-2 सफलता मिली.

311 रन पर सिमटी इंग्लैंड की टीम

इसके जवाब में इंग्लिश (U19 World Cup 2026) टीम 40.2 ओवरों में 311 रन पर सिमट गई. इंग्लैंड ने 19 के स्कोर पर जोसेफ मूर्स (17) का विकेट खो दिया था, यहां से बेन डॉकिन्स ने बेन मेयस के साथ दूसरे विकेट के लिए 74 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की. मेयस 28 गेंदों में 2 छक्कों और 7 चौकों की मदद से 45 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद डॉकिंस ने थॉमस रेव के साथ तीसरे विकेट के लिए 49 रन और कैलेब फाल्कनर के साथ चौथे विकेट के लिए 32 रन जुटाए.

WPL 2026 Final: आरसीबी ने दूसरी बार जीता WPL का खिताब, दिल्ली कैपिटल्स का सपना फिर टूटा

इंग्लैंड की टीम ने 20.4 ओवरों में 174 के स्कोर पर अपना चौथा विकेट गंवाया और 21.6 ओवरों तक इस टीम का स्कोर 177/7 था, यहां से कैलेब फाल्कनर ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 67 गेंदों में 7 छक्कों और 9 चौकों के साथ 115 रन बनाए, लेकिन वह इंग्लैंड को खिताब नहीं दिला सके.

भारत की तरफ से आरएस अंबरीश ने सर्वाधिक 3 विकेट अपने नाम किए. दीपेश देवेंद्रन और कनिष्क चौहान ने 2-2 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *