GT VS RR: आईपीएल 2026 का सबसे रोमांचक मुकाबला, आखिरी दो ओवर में पलटा मैच, राजस्थान को मिली जीत
Tushar Deshpande (Image Credit-IPL)
GT VS RR: तुषार देशपांडे (20वां) और जोफ्रा आर्चर (19वां) के आखिरी दो ओवर ने पूरी बाजी पलट दी, जिससे आईपीएल के बेहद रोमांचक मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (GT VS RR) ने शनिवार को गुजरात टाइटंस को छह रन से हरा दिया. राजस्थान रॉयल्स (GT VS RR) की टीम ने गुजरात टाइटंस के सामने 211 रन का लक्ष्य रखा था, गुजरात टाइटंस की टीम 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 204 रन ही बना सकी. राजस्थान रॉयल्स की इस सीजन में लगातार दूसरी जीत है. रवि बिश्नोई को मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया.
211 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस (GT VS RR) की शुरुआत जोरदार रही. कुमार कुशाग्र और साई सुदर्शन ने मिलकर पहले विकेट के लिए 7.6 ओवर में 78 रन जोड़े. कुमार कुशाग्र ने 18 रन बनाए.
साईं सुदर्शन ने जड़ा अर्धशतक
साईं सुदर्शन बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 44 गेंदों में 73 रनों की दमदार पारी खेली. सुदर्शन ने अपनी इस पारी में 9 चौके और 3 छक्के लगाए. जोस बटलर अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके और वह 14 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुए. ग्लेन फिलिप्स (03), वॉशिंगटन सुंदर (04 रन) ने निराश किया. राहुल तेवतिया 6 गेंदों में 12 रन बनाकर आउट हुए. वहीं, शाहरुख खान ने 4 गेंदों में 11 रन बनाए और वह रन आउट हो गए.
आखिरी दो ओवर में पलटा मैच
अंतिम ओवरों में राशिद खान और कगिसो रबाडा ने 30 गेंदों में 43 रनों की ताबड़तोड़ साझेदारी निभाई, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके. राशिद ने 16 गेंदों में 24 रन बनाए, जबकि रबाडा ने 16 गेंदों में 23 रन बनाकर नाबाद रहे. आखिरी के दो ओवर में जोफ्रा आर्चर और तुषार देशपांडे ने शानदार गेंदबाजी की. आखिरी दो ओवर में गुजरात की टीम को जीत के लिए 15 रन बनाने थे, 19वें ओवर में जोफ्रा आर्चर ने सिर्फ चार रन दिए. वहीं आखिरी ओवर में जब गुजरात की टीम को 11 रन बनाने थे, तुषार देशपांडे ने सिर्फ चार देकर राशिद खान का विकेट भी हासिल किया.
रवि बिश्नोई ने 4 ओवर के स्पेल में 41 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए.
DC VS MI: आईपीएल 2026: रिजवी ने खेली 90 रन की तूफानी पारी, एमआई को हराकर टॉप पर डीसी
यशस्वी- वैभव ने दिलाई विस्फोटक शुरुआत
इससे पहले टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स (GT VS RR) की शुरुआत दमदार रही. यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए 6.2 ओवर में 70 रन जोड़े. वैभव ने 18 गेंदों का सामना करते हुए 5 चौके और एक छक्के की मदद से 31 रन बनाए. वहीं, यशस्वी ने 36 गेंदों में 55 रनों की शानदार पारी खेली.
ध्रुव जुरेल ने जड़ा अर्धशतक
नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे ध्रुव जुरेल बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 42 गेंदों में 75 रनों की लाजवाब पारी खेली. जुरेल ने अपनी इस पारी में 5 चौके और 5 छक्के लगाए. जुरेल ने दूसरे विकेट के लिए यशस्वी संग मिलकर 56 रनों की अहम साझेदारी निभाई, शिमरोन हेटमायर ने 08 गेंदों में 18 रन बनाए.
कप्तान रियान पराग बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और वह 08 रन बनाकर आउट हुए, वहीं रविंद्र जडेजा 7 रन बनाकर नाबाद रहे. यह राजस्थान रॉयल्स की लगातार दूसरी जीत है, जबकि गुजरात टाइटंस (GT VS RR) को इस सीजन की लगातार दूसरी हार झेलनी पड़ी है.
