IND VS NZ 4th T20I Highlights: भारत को मिली T20I में दूसरी सबसे बड़ी हार, न्यूजीलैंड ने 87 रन से हराया
Glenn Philips (Image credit- Blackcaps X)
IND VS NZ 4th T20I Highlights: ग्लेन फिलिप्स (49 बॉल में 107 रन) के तूफानी शतक के बाद तेज गेंदबाज जैकब डफी (चार विकेट) की घातक गेंदबाजी की बदौलत न्यूजीलैंड ने पांच मैचों की टी20 सीरीज के चौथे मुकाबले में शुक्रवार को भारत को 87 रन से करारी शिकस्त दी. भारतीय टीम शुरुआती तीन मुकाबले जीतकर पहले ही सीरीज अपने नाम कर चुकी है. इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने सीरीज में हार का अंतर 1-3 कर दिया.
‘प्लेयर ऑफ द मैच’ फिलिप्स ने 49 गेंदों में 107 रन (छह चौके, 10 छक्के) की विस्फोटक पारी खेली, जबकि माइकल ब्रेसवेल ने महज 25 गेंदों में 65 रन (चार चौके, छह छक्के) बनाए. दोनों ने पांचवें विकेट के लिए सिर्फ 41 गेंदों में 115 रन की साझेदारी कर न्यूजीलैंड को सात विकेट पर 259 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाया. यह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत के खिलाफ किसी भी टीम का सर्वोच्च स्कोर है, इसके जवाब में भारतीय टीम अतिरिक्त उछाल वाली पिच पर नौ विकेट पर 172 रन ही बना सकी.
टी-20 इंटरनेशनल में भारत को मिली दूसरी सबसे बड़ी हार (IND VS NZ 4th T20I Highlights)
भारतीय टीम की टी-20 इंटरनेशनल में यह दूसरी सबसे बड़ी हार है. भारत को टी-20 इंटरनेशनल में सबसे बड़ी हार इंग्लैंड के खिलाफ मिली थी. इंग्लैंड के खिलाफ भारत को 125 रन से हार का सामना करना पड़ा था.
