Ind U19 vs Afg U19: अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में 10वीं बार पहुंचा भारत, आरोन जार्ज ने जड़ा शतक
Aaron George (Image credit- @BCCI X)
Ind U19 vs Afg U19: आरोन जार्ज के शतक की बदौलत भारत ने अफगानिस्तान को सात विकेट से हराकर अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में 10वीं बार जगह बना ली है. बुधवार को खेले गए मैच में भारत (Ind U19 vs Afg U19) के सामने 311 रन का टारगेट था, भारतीय टीम ने 41.1 ओवर में ही टारगेट को हासिल कर लिया. भारत का अब छह फरवरी को फाइनल में इंग्लैंड से सामना होगा, जिसने ऑस्ट्रेलिया को पहले सेमीफाइनल में हराकर फाइनल में जगह बनाई है.
भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप (Ind U19 vs Afg U19) का सबसे बड़ा सफल टारगेट चेज कर इतिहास भी रचा है. भारत ने न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड तोड़ा. न्यूजीलैंड के नाम साल 2006 में आयरलैंड के खिलाफ 305 रन के टारगेट को चेज करने का रिकॉर्ड था. आरोन जार्ज ने 104 बॉल की पारी में 115 रन बनाए, इस दौरान उन्होंने 15 चौके और दो छक्के लगाए. उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब भी दिया गया. भारत ने लगातार छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में भी जगह बनाई है. साल 2016 से लगातार भारत अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में पहुंची है.
अफगानिस्तान ने बनाए थे 310 रन
अफगानिस्तान (Ind U19 vs Afg U19) की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में चार विकेट पर 310 रन बनाए थे. अफगानिस्तान के लिए फैसल शिनोजादा (93 बॉल में 110 रन) और उजैरुल्लाह नियाजई (86 बॉल में नाबाद 101 रन) की शतकीय पारी खेली.
वैभव सूर्यवंशी और आरोन जार्ज ने दिलाई विस्फोटक शुरुआत
311 रन के टारगेट का पीछा करते हुए भारत (Ind U19 vs Afg U19) को वैभव सूर्यवंशी और आरोन जार्ज ने विस्फोटक शुरुआत दिलाई. दोनों बल्लेबाजों ने 9.3 ओवर में 90 रन की ओपनिंग साझेदारी की. वैभव सूर्यवंशी ने 33 गेंद में 68 रन की पारी खेली. इस पारी में उन्होंने नौ चौके और चार छक्के लगाए. वैभव सूर्यवंशी के आउट होने के बाद कप्तान आयुष म्हात्रे ने भी दमदार पारी खेली. आयुष म्हात्रे ने भी 59 बॉल में 62 रन (05 चौके, 04 छक्के) बनाए.
आरोन जार्ज ने जड़ा शतक
आरोन जार्ज ने सेमीफाइनल में शतक जड़ा और अंडर 19 वर्ल्ड कप के नॉकआउट में शतक लगाने वाले नौवें बल्लेबाज बने. वहीं उन्होंने अंडर 19 वर्ल्ड कप के नॉकआउट में चेतेश्वर पुजारा (129 नाबाद) के बाद दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाया.
विहान मल्होत्रा (38 रन नाबाद) और वेदांत त्रिवेदी (05 रन नाबाद) ने भारत को 41.1 ओवर में ही जीत दिला दी.
