IND VS USA: सूर्या के तूफान में उड़ा अमेरिका, टी-20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की जीत से शुरुआत
IND VS USA (Image credit- BCCI X)
IND VS USA: कप्तान सूर्य कुमार यादव की तूफानी पारी से भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप में जीत के साथ आगाज किया है. शनिवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में भारत ने यूएसए (IND VS USA) को 29 रन से हराया. सूर्य कुमार यादव को उनकी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. भारत 12 फरवरी को अगले मैच में दिल्ली में नामीबिया से भिड़ेगा.
भारत के 162 रन के लक्ष्य को हासिल करने उतरी यूएसए (IND VS USA) के टॉप ऑर्डर के तीनों बल्लेबाज फ्लॉप रहे. एंड्रियस गौस ने छह रन और सैतेजा मुक्कमल्ला ने दो रन बनाए. कप्तान मोनांक पटेल बिना खाता खोले आउट हो गए. 13 पर 3 विकेट गंवा चुकी यूएसए को मिलिंद कुमार (34) और संजय कृष्णमूर्ति ने संभाला और चौथे विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी की. 98 के स्कोर पर पांचवें विकेट के रूप में संजय कृष्णमूर्ति भी 37 रन बनाकर आउट हो गए. शुभम रंजने के 22 गेंद पर 37 रन के बावजूद यूएसए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 132 रन बना सकी.
मोहम्मद सिराज ने चटकाए तीन विकेट
भारत (IND VS USA) की तरफ से मोहम्मद सिराज सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने सात ओवर में 29 रन देकर तीन विकेट हासिल किए. अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में 18 रन देकर दो और अक्षर पटेल ने 4 ओवर में 24 रन देकर दो बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया. वरुण चक्रवर्ती को एक सफलता मिली.
सूर्या बने संकटमोचक, अकेले संभाला मोर्चा
इससे पहले भारत (IND VS USA) ने पहले बल्लेबाजी करते 9 विकेट पर 161 रन बनाए थे. तिलक वर्मा ने 16 गेंद पर 25 और ईशान किशन ने 16 गेंद पर 20 रन की पारी खेली. अभिषेक शर्मा और शिवम दुबे खाता नहीं खोल सके, वहीं रिंकू सिंह ने छह रन, हार्दिक पांड्या पांच रन और अक्षर पटेल 14 रन बनाकर आउट हुए. भारतीय टी-20 कप्तान सूर्या ने अकेले मोर्चा संभाला और 49 गेंदों पर 4 छक्कों और 10 चौकों की मदद से नाबाद 84 रन की पारी खेली, जिससे टीम इंडिया सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच सकी.
PAK VS NED: उलटफेर का शिकार होते-होते बचा पाकिस्तान, वेस्टइंडीज ने स्कॉटलैंड को चटाई धूल
सौरभ नेत्रावल्कर सबसे महंगे गेंदबाज रहे
यूएसए की तरफ से सौरभ नेत्रावल्कर सबसे महंगे गेंदबाज रहे. सौरभ ने 4 ओवर में 65 रन दिए और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। शैडली वैन शाल्कविक ने 4 ओवर में 25 रन देकर 4 विकेट लिए, जिसमें एक ओवर में तीन विकेट (ईशान, तिलक, शिवम) भी शामिल था.
