GT VS MI: तिलक वर्मा के तूफानी शतक से मुंबई की धमाकेदार जीत, अश्वनी ने गेंद से किया कमाल
GT VS MI (Image Credit-IPL)
GT VS MI: तिलक वर्मा के तूफानी शतक के बाद अश्वनी कुमार की घातक गेंदबाजी से मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2026 में अपनी दूसरी जीत दर्ज की है. सोमवार को खेले गए मैच में मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस को 99 रन से रौंद डाला. इस सीजन मुंबई इंडियंस की रनों की लिहाज से यह सबसे बड़ी जीत है. लगातार चार हार के बाद मुंबई इंडियंस को जीत मिली है और मुंबई की टीम जीत के साथ प्वॉइंट्स टेबल में सातवें स्थान पर पहुंच गई है. वहीं गुजरात टाइटंस की इस सीजन यह तीसरी हार है.
मुंबई इंडियंस (GT VS MI) की टीम ने तिलक वर्मा के 45 बॉल में नाबाद 101 रन की पारी से 20 ओवर में पांच विकेट पर 199 रन बनाए. गुजरात टाइटंस की टीम इसके जवाब में 15.4 ओवर में 100 रन पर ही सिमट गई. अश्वनी कुमार ने चार ओवर में 24 रन देकर चार विकेट चटकाए.
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई (GT VS MI) की टीम को महज 10 के स्कोर पर डेब्यू कर रहे दानिश मालेवर (02) के रूप में शुरुआती झटका लगा. इसके बाद टीम निरंतर अंतराल पर विकेट गंवाती रही, महज 44 के स्कोर तक मुंबई इंडियंस अपने तीन विकेट खो चुकी थी.
PBKS VS LSG: प्रियांश-कोनोली ने दिलाई पंजाब किंग्स को जीत, लखनऊ सुपर जायंट्स ने लगाई हार की हैट्रिक
तिलक- नमन धीर ने मुंबई की पारी को संभाला
तिलक वर्मा ने नमन धीर के साथ 40 गेंदों में 52 रन की साझेदारी करते हुए मुंबई इंडियंस (GT VS MI) को संभाला. टीम ने 96 रन बना लिए थे. इस स्कोर पर मुंबई को नमन धीर के रूप में चौथा झटका लगा. नमन 32 गेंदों में 45 रन बनाकर पवेलियन लौटे. तिलक वर्मा ने कप्तान हार्दिक पांड्या के साथ 38 गेंदों में 81 रन की साझेदारी की. पांड्या के बल्ले से 15 रन आए.
तिलक वर्मा ने जड़ा पहला आईपीएल शतक
तिलक वर्मा ने आईपीएल का पहला शतक लगाया. उन्होंने 45 बॉल में शतक लगाया जो मुंबई इंडियंस की तरफ से संयुक्त रुप से सबसे तेज शतक है. सनथ जयसूर्या के नाम भी 45 बॉल में शतक लगाने का रिकॉर्ड था. तिलक ने 45 गेंदों में सात छक्कों और आठ चौकों के साथ 101 रन की नाबाद पारी खेली. गुजरात टाइटंस के लिए कागिसो रबाडा ने सर्वाधिक तीन विकेट हासिल किए. मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने एक-एक विकेट अपने नाम किया.
100 रन पर ढेर हुई गुजरात की टीम
200 रन के टारगेट का पीछा करते हुए गुजरात टाइटंस (GT VS MI) ने 15.5 ओवरों में महज 100 रन पर सिमट गई. पारी की पहली ही गेंद पर यह टीम साई सुदर्शन (0) का विकेट गंवा चुकी थी. अगले ओवर में उसे जोस बटलर (5) के रूप में दूसरा झटका लगा.यहां से वाशिंगटन सुंदर ने शुभमन गिल के साथ तीसरे विकेट के लिए 20 गेंदों में 35 रन की साझेदारी की. इस जोड़ी के टूटते ही टीम फिर से लड़खड़ा गई. वाशिंगटन 17 गेंदों में 26 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि शाहरुख खान ने 17 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. कप्तान शुभमन गिल ने 14 रन की पारी खेली.
अश्विन ने चटकाए चार विकेट
मुंबई इंडियंस (GT VS MI) की तरफ से ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ के रूप में उतरे अश्विनी कुमार ने 24 रन देकर चार विकेट हासिल किए, जबकि गजनफर और मिचेल सेंटनर ने दो-दो विकेट निकाले. जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या को एक-एक सफलता हाथ लगी.
