IND VS ZIM: ईशान- तिलक की तूफानी पारी, भारत का टी-20 सीरीज पर कब्जा
IND VS ZIM 2nd T20I (Image credit- @BCCI X)
IND VS ZIM: भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज इशान किशन (81) और तिलक वर्मा (नाबाद 60) की आक्रामक अर्धशतकीय पारियों के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने शनिवार को दूसरे टी20 मैच में जिम्बाब्वे (IND VS ZIM) को 90 रन से हरा दिया. इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली.
जीत के लिए 220 रन का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे (IND VS ZIM) की टीम की शुरुआत आक्रामक रही, लेकिन नौ ओवर के भीतर पांच विकेट गंवाने के बाद उसकी हार लगभग तय हो गई और पूरी टीम 17.5 ओवर में 129 रन पर सिमट गई. बतौर कप्तान श्रेयस अय्यर की यह पहली सीरीज जीत है. सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच रविवार को खेला जाएगा.
इशान किशन और तिलक वर्मा का अर्धशतक
इशान किशन (81) और तिलक वर्मा (नाबाद 60) की आक्रामक अर्धशतकीय पारियों की बदौलत भारत (IND VS ZIM) ने शनिवार को दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में जिम्बाब्वे के खिलाफ पांच विकेट पर 219 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. ईशान किशन ने कप्तान श्रेयस अय्यर (25) के साथ तीसरे विकेट के लिए 66 रन और फिर तिलक वर्मा के साथ चौथे विकेट के लिए 94 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की. ईशान किशन ने 31 बॉल में अर्धशतक पूरा किया और 81 रन की पारी में नौ चौके और दो छक्के लगाए. वहीं तिलक वर्मा ने सिर्फ 23 बॉल में फिफ्टी बनाई और 60 रन की पारी में पांच चौके और तीन छक्के लगाए. वैभव सूर्यवंशी ने 20 रन (09 बॉल) की पारी खेली, वहीं अभिषेक शर्मा सिर्फ 08 रन बना सके.
129 रन पर सिमटी जिम्बाब्वे की पारी
जिम्बाब्वे (IND VS ZIM) ने 220 रन के टारगेट का पीछा करते हुए ब्रायन बेनेट (19 बॉल में 32 रन) से विस्फोटक शुरुआत की, मगर दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरता रहा, जिससे पूरी टीम 17.5 ओवर में 129 रन पर ढेर हो गई. अभिषेक शर्मा ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए. वहीं डेब्यू मैच खेल रहे यश ठाकुर ने भी दो विकेट चटकाए. प्रिंस यादव को भी दो विकेट मिला, हालांकि प्रिंस यादव की मांसपेशियों में गेंदबाजी के दौरान खिंचाव आया, जिससे वह तीसरे टी-20 मैच से बाहर हो गए है.
INDW VS ENGW: लॉर्ड्स में भारतीय महिला टीम ने रचा इतिहास, इंग्लैंड को 270 रन से रौंदा
तीसरे टी-20 मैच में होगा बदलाव: श्रेयस अय्यर
भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने जिम्बाब्वे पर 90 रन की जीत के साथ टी20 मैच अपने नाम करने के बाद कहा कि तेज गेंदबाज प्रिंस यादव की चोट के कारण रविवार को खेले जाने वाले तीसरे और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में टीम को कुछ बदलाव करने पड़ सकते हैं.
