SRH VS DC: अभिषेक शर्मा का तूफानी शतक, सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली कैपिटल्स को चटाई धूल

0
SRH VS DC

SRH VS DC (Image credit- @IPL)

Spread the love

SRH VS DC: अभिषेक शर्मा के आईपीएल के दूसरे शतक (68 बॉल में नाबाद 135 रन) के बाद ईशान मलिंगा (चार विकेट) की धारदार गेंदबाजी से सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2026 में चौथी जीत दर्ज की है. मंगलवार को खेले गए मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली कैपिटल्स (SRH VS DC) को 47 रन से हरा दिया. सनराइजर्स हैदराबाद की टीम इस जीत के साथ प्वॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है.

हैदराबाद में खेले गए मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH VS DC) की टीम ने 20 ओवर में दो विकेट पर 242 रन बनाए. दिल्ली कैपिटल्स की टीम इसके जवाब में 20 ओवर में नौ विकेट पर 195 रन ही बना सकी. दिल्ली कैपिटल्स की टीम की इस सीजन छह मैच में तीसरी हार है.

ईशान मलिंगा के आगे दिल्ली कैपिटल्स का सरेंडर

243 रन के टारगेट का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स (SRH VS DC) के बल्लेबाजों ने निराश किया. नितीश राणा ने 30 बॉल में 57 रन की पारी खेली, वहीं समीर रिजवी ने 28 बॉल में 41 रन और केएल राहुल ने 23 बॉल में 37 रन बनाए. इनके अलावा कोई और बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका. ईशान मलिंगा ने दो लगातार गेंदों पर नितीश राणा और डेविड मिलर (00) का विकेट हासिल किया. उन्होंने ट्रिस्टन स्टब्स (16) और आशुतोष शर्मा (10) को आउट कर आईपीएल में पहली बार चार विकेट हासिल किए. हर्ष दुबे ने पारी के आखिरी ओवर में तीन विकेट चटकाए, जिसमें अक्षर पटेल, समीर रिजवी और लुंगी एनगिडी का विकेट शामिल था.

अभिषेक शर्मा के तूफानी शतक से SRH का विशाल स्कोर

इससे पहले अभिषेक शर्मा ने तूफानी शतक जड़ा, जिससे हैदराबाद (SRH VS DC) की टीम ने 242 रन का विशाल स्कोर बनाया. अभिषेक शर्मा ने 68 बॉल में 135 रन की पारी में 10 चौके और 10 छक्के लगाए. यह आईपीएल में उनका दूसरा शतक है. अभिषेक ने सिर्फ 47 बॉल में ही शतक पूरा किया. ट्रैविस हेड ने 26 बॉल में 37 रन और ईशान किशन ने 13 बॉल में 25 रन की पारी खेली. हेनरिक क्लासेन 13 बॉल में 37 रन (तीन चौके, तीन छक्के) बनाकर नाबाद रहे.

GT VS MI: तिलक वर्मा के तूफानी शतक से मुंबई की धमाकेदार जीत, अश्वनी ने गेंद से किया कमाल

अभिषेक शर्मा ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड

अभिषेक शर्मा का यह टी-20 में नौवां शतक है और उन्होंने इस शतक के साथ टी-20 में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में विराट कोहली (नौ शतक) की बराबरी की है. विराट कोहली और अभिषेक शर्मा अब भारत के लिए टी-20 में संयुक्त रुप से सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. अभिषेक शर्मा ने रोहित शर्मा (आठ शतक) को पीछे छोड़ दिया. अभिषेक शर्मा ने 47 बॉल में शतक लगाया, जो दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ किसी भी बल्लेबाज का सबसे तेज शतक है. उन्होंने मुरली विजय (51 बॉल) को पीछे छोड़ा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *