GT VS SRH: गुजरात टाइटंस प्वॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंची, सनराइजर्स हैदराबाद की शर्मनाक हार
GT Win (Image credit- @IPL)
GT VS SRH: कागिसो रबाडा और जेसन होल्डर के तीन-तीन विकेट की मदद से गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद (GT VS SRH) को 82 रन से हराकर लगातार पांचवीं जीत दर्ज की है. गुजरात की आईपीएल मे यह सबसे बड़ी जीत और सनराइजर्स हैदराबाद की यह सबसे बड़ी हार है. गुजरात टाइटंस की टीम इस जीत के साथ प्वॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है. साई सुदर्शन (61) और वाशिंगटन सुंदर (50) के अर्धशतक से गुजरात टाइटंस ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 168 रन बनाए. सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 86 रन पर ढेर हो गई.
गुजरात टाइटंस (GT VS SRH) 12 मुकाबलों में 8 जीत के साथ 16 अंक लेकर प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद 12 मुकाबलों में पांचवीं हार के बाद तीसरे पायदान पर है.
86 रन पर सिमटी हैदराबाद की टीम
169 रन के टारगेट का पीछा करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद (GT VS SRH) की टीम कागिसो रबाडा और जेसन होल्डर की घातक गेंदबाजी के आगे 14.5 ओवरों में महज 86 रन पर सिमट गई. हैदराबाद को पारी की चौथी गेंद पर ट्रेविस हेड (0) के रूप में बड़ा झटका लग गया था, उस समय तक टीम का खाता भी नहीं खुल सका था। इसके बाद टीम ने 6 के स्कोर पर अभिषेक शर्मा (6) का विकेट भी गंवा दिया.
यहां से ईशान किशन (11) ने स्मरण रविचंद्रन (9) के साथ तीसरे विकेट के लिए 17 रन जुटाए. हेनरिक क्लासेन (14) ने सलिल अरोड़ा के साथ पांचवें विकेट के लिए 23 गेंदों में 24 रन जोड़े, लेकिन यह साझेदारी टीम को जीत दिलाने के लिए नाकाफी थी. सलिल ने टीम के खाते में 16 रन का योगदान दिया, जबकि पैट कमिंस ने 19 रन जोड़े. गुजरात टाइटंस (GT VS SRH) की टीम की तरफ से कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने 3-3 विकेट चटकाए. प्रसिद्ध कृष्णा को दो सफलता मिली. मोहम्मद सिराज और राशिद खान ने एक-एक विकेट अपने नाम किए.
RCB VS MI: भुवनेश्वर-क्रुणाल ने दिलाई आरसीबी को रोमांचक जीत, मुंबई का सफर खत्म
सुदर्शन- सुंदर के अर्धशतक से गुजरात टाइटंस ने बनाए 168 रन
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस (GT VS SRH) ने पांच विकेट खोकर 168 रन बनाए. गुजरात की शुरुआत बेहद खराब रही, टीम ने महज 26 के स्कोर तक दो विकेट गंवा दिए. इसके बाद साईं सुदर्शन ने निशांत संधु के साथ तीसरे विकेट के लिए 38 रन की साझेदारी की.
संधु 14 गेंदों में 22 रन बनाकर पवेलियन लौटे. साईं सुदर्शन ने वॉशिंगटन सुंदर के साथ चौथे विकेट के लिए 41 गेंदों में 60 रन जोड़कर टीम को चुनौतीपूर्ण स्थिति में पहुंचा दिया. सुदर्शन 44 गेंदों में 2 छक्कों और 5 चौकों के साथ 61 रन बनाकर आउट हुए. वॉशिंगटन ने जेसन होल्डर के साथ पांचवें विकेट के लिए 40 रन जुटाए. वॉशिंगटन ने 33 गेंदों में एक छक्का और सात चौके के साथ 50 रन की पारी खेली. सनराइजर्स हैदराबाद के लिए प्रफुल हिंगे और साकिब हुसैन ने 2-2 विकेट निकाले. पैट कमिंस को भी एक सफलता मिली.
