IND VS IRE: आयरलैंड में कटी टीम इंडिया की नाक, 0-2 से गंवाई टी-20 सीरीज, दूसरे टी-20 मैच में एक रन से मिली हार
Ind vs Ire (Image credit- BCCI X)
IND VS IRE: आयरलैंड में श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम इंडिया को टी-20 सीरीज में हार का सामना करना पड़ा है. रविवार को खेले गए दूसरे टी-20 मैच में आयरलैंड ने भारत (Ind vs Ire) को एक रन से हरा दिया. आयरलैंड की टीम ने इस जीत के साथ टी-20 सीरीज 2-0 से अपने नाम किया है. आयरलैंड ने पहली बार भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज जीता है. इस हार के साथ भारत का टी-20 सीरीज में लगातार 16 जीत का सिलसिला भी थम गया है.
आयरलैंड की टीम ने भारत (Ind vs Ire) के सामने जीत के लिए 155 रन का टारगेट रखा था, भारतीय टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 153 रन ही बना सकी. जय मूंदड़ा को प्लेयर ऑफ द मैच के साथ-साथ प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब भी दिया गया.
तिलक वर्मा ने अकेले लिया संघर्ष
155 रन के टारगेट का पीछा करते हुए भारतीय बल्लेबाजी (Ind vs Ire) ने एक बार फिर निराश किया. संजू सैमसन पहली ही बॉल पर लगातार दूसरे मैच में आउट हुए. अभिषेक शर्मा खाता भी नहीं खोल सके. वह भी पहले ही ओवर में जय मूंदड़ा का दूसरा शिकार बने. श्रेयस अय्यर (10), अक्षर पटेल (14), ईशान किशन (12) भी बड़ी पारी नहीं खेल सके. तिलक वर्मा ने अकेले संघर्ष किया, मगर वह जीत के लिए काफी नहीं था. तिलक वर्मा ने 46 बॉल में 55 रन की पारी खेली.
शिवम दुबे (20) और हर्षित राणा (21) की पारी से भारतीय टीम ने वापसी की कोशिश की, मगर टीम लक्ष्य से एक रन दूर रह गई. भारतीय टीम को जब दो गेंद में आठ रन बनाने थे, तभी हर्षित राणा आउट हो गए. आखिरी बॉल पर प्रिंस यादव ने छक्का लगाया और भारतीय टीम टारगेट से एक रन दूर रह गई. डेब्यू मैच खेल रहे सूर्यांश शेडगे भी सिर्फ 01 रन बना सके. आयरलैंड की तरफ से जय मूंदड़ा और मैथ्यू होलार्ड ने तीन-तीन विकेट चटकाए.
IND VS AFG: प्रसिद्ध कृष्णा के ‘पंजे’ के बाद यशस्वी जायसवाल का शतक, भारत ने 3-0 से किया क्लीन स्वीप
आयरलैंड ने बनाए थे 154 रन
इससे पहले टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड (Ind vs Ire) ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 154 रन बनाए. हैरी टेक्टर ने सबसे ज्यादा 53 रन की पारी खेली. भारत के लिए डेब्यू मैच खेल रहे प्रिंस यादव ने तीन विकेट लिए. वहीं अर्शदीप सिंह और शिवम दुबे को दो-दो सफलता मिली.
