IND VS AFG: प्रसिद्ध कृष्णा के ‘पंजे’ के बाद यशस्वी जायसवाल का शतक, भारत ने 3-0 से किया क्लीन स्वीप
India win (Image credit- BCCI X)
IND VS AFG: प्रसिद्ध कृष्णा के फाइव विकेट हॉल के बाद यशस्वी जायसवाल के शतक की मदद से भारत ने अफगानिस्तान (IND VS AFG) को तीसरे वनडे मैच में नौ विकेट से हरा दिया. इस जीत के साथ भारत ने अफगानिस्तान को तीन मैचों की वनडे सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर दिया है. प्रसिद्ध कृष्णा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, वहीं शुभमन गिल प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए.
पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान (IND VS AFG) की टीम 44.2 ओवर में 218 रन पर सिमट गई. भारतीय टीम ने इस टारगेट को 28.4 ओवर में ही हासिल कर लिया.
जायसवाल- रोहित के बीच 170 रन की ओपनिंग साझेदारी
यशस्वी जायसवाल और रोहित शर्मा की ओपनिंग जोड़ी ने इस मैच में 219 रन के टारगेट का पीछा करते हुए धमाकेदार शुरुआत की और दोनों ओपनर्स ने 170 रन जोड़े. रोहित शर्मा 69 बॉल में 79 रन (09 चौके, तीन छक्के) की पारी खेलकर आउट हुए. रोहित ने इस पारी के दौरान इंटरनेशनल क्रिकेट में बतौर ओपनर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बनने का गौरव भी हासिल किया. उन्होंने वीरेंद्र सहवाग (16,119 रन) को पीछे छोड़ दिया.
यशस्वी ने जड़ा वनडे करियर का दूसरा शतक
यशस्वी जायसवाल ने 83 बॉल में शतक लगाया जो उनके वनडे करियर का दूसरा शतक है. यशस्वी जायसवाल ने 86 बॉल में नाबाद 110 रन (14 चौके, 03 छक्के) की पारी खेली. जायसवाल ने सबसे कम इनिंग खेलते हुए भारतीय बल्लेबाज के तौर पर दो शतक जड़ दिए हैं. उन्होंने महज छह इनिंग में दो शतक लगा लिए हैं. यशस्वी ने शिखर धवन को पीछे छोड़ा, जिन्होंने सात इनिंग के बाद दो शतक लगाए थे. श्रेयस अय्यर 20 रन बनाकर नाबाद रहे.
IND VS AFG 2nd ODI: शुभमन गिल- ईशान किशन के धमाकेदार शतक से भारत की बड़ी जीत
प्रसिद्ध कृष्णा के आगे अफगानिस्तान का सरेंडर
इससे पहले टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान (IND VS AFG) के बल्लेबाजों ने प्रसिद्ध कृष्णा की घातक गेंदबाजी के आगे सरेंडर कर दिया. अफगानिस्तान ने 9.2 ओवर में 36 रन पर चार विकेट गंवा दिए. चारों विकेट प्रसिद्ध कृष्णा के नाम रहा. हालांकि इसके बाद हशमतुल्लाह शाहिदी ने अजमतुल्लाह ओमरजई (50) के साथ 105 रन की साझेदारी की. मोहम्मद नबी (21) भी बड़ी पारी नहीं खेल सके और अफगानिस्तान की पूरी टीम 44.2 ओवर में ऑल आउट हो गई.
अकेले लड़े कप्तान शाहिदी, डेब्यू के 4644 दिन बाद जड़ा पहला शतक
अफगानिस्तान (IND VS AFG) के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने डेब्यू के 13 साल बाद वनडे करियर का पहला शतक लगाया. उन्होंने डेब्यू के 4644 दिन शतक लगाने का कारनामा किया है. जिम्बाब्वे के रेगिस चकाबा (2008-2022) 5040 दिन के बाद लिस्ट में टॉप पर हैं. भारतीय दिग्गज सुनील गावस्कर (1974-1987) 4858 दिन के साथ दूसरे नंबर पर हैं. वहीं अर्जुन रणतुंगा (1982-1994) 4674 दिन के साथ तीसरे नंबर पर हैं. शाहिदी इस लिस्ट में चौथे नंबर पहुंच गए हैं. शाहिदी ने 131 बॉल में 102 रन की पारी खेली, जिसमें 13 चौके और एक छक्का शामिल था. प्रसिद्ध कृष्णा ने 8.2 ओवर में दो मेडन के साथ सिर्फ 23 रन देकर पांच विकेट चटकाए, जो उनके वनडे करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है.
