IPL 2026: आरसीबी ने जीता लगातार दूसरा खिताब, फाइनल में गुजरात टाइटंस को हराया

0
IPL 2026

IPL 2026 (Image credit- @IPL)

Spread the love

IPL 2026 : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2026 (IPL 2026) का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया. फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस (IPL 2026) को पांच विकेट से हराते हुए आरसीबी ने लगातार दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की. टीम की जीत के नायक विराट कोहली रहे, जिन्होंने नाबाद 75 रन की शानदार पारी खेली.

156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी ने 18 ओवर में ही मुकाबला अपने नाम कर लिया. विराट ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन मिश्रण दिखाते हुए टीम को जीत तक पहुंचाया और विजयी छक्का लगाकर खिताबी जीत पर मुहर लगा दी. उनके अलावा वेंकटेश अय्यर और टिम डेविड ने भी अहम योगदान दिया. यह आरसीबी का लगातार दूसरा आईपीएल (IPL 2026) खिताब है. इससे पहले टीम ने 2025 में पंजाब किंग्स को हराकर ट्रॉफी जीती थी. दोनों बार रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी चैंपियन बनी. 17 साल तक खिताब का इंतजार करने वाली फ्रेंचाइजी अब लगातार दो सीजन की विजेता बन चुकी है.

कोहली की अर्धशतकीय पारी ने तोड़ा गुजरात का सपना

156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी (IPL 2026) को विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर ने तूफानी शुरुआत दिलाई. दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 4.3 ओवर में 62 रन जोड़े. अय्यर ने 16 गेंदों में 32 रन बनाए, जिसमें चार चौके और दो छक्के शामिल रहे. हालांकि इसके बाद आरसीबी (IPL 2026) ने कुछ जल्दी विकेट गंवाए. देवदत्त पडिक्कल (एक), कप्तान रजत पाटीदार (15) और क्रुणाल पांड्या (एक) सस्ते में पवेलियन लौट गए. एक समय टीम का स्कोर 89 रन पर तीन विकेट था, लेकिन विराट कोहली ने दूसरे छोर से पारी को संभाले रखा.

कोहली ने टिम डेविड (24) के साथ चौथे विकेट के लिए 41 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की. इसके बाद उन्होंने जिम्मेदारी संभालते हुए 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो उनके आईपीएल करियर का सबसे तेज अर्धशतक रहा. कोहली ने 42 गेंदों में तीन छक्कों और नौ चौकों की मदद से नाबाद 75 रन बनाए. उन्होंने 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर आरसीबी को ऐतिहासिक जीत दिलाई. जितेश शर्मा 11 रन बनाकर नाबाद लौटे. आरसीबी ने 18 ओवर में पांच विकेट पर 161 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया.

INDIA SQUAD FOR AFGANISTAN SERIES: अफगानिस्तान सीरीज के लिए भारतीय टेस्ट और वनडे टीम का ऐलान, प्रिंस यादव को मौका, कई युवा चेहरे को मिली जगह

गुजरात के बड़े सितारे फेल, वाशिंगटन सुंदर ने बचाई लाज

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस (IPL 2026) की शुरुआत बेहद खराब रही. पूरे सीजन शानदार फॉर्म में रहे कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन फाइनल में बड़ी पारी नहीं खेल सके. सुदर्शन 12 और गिल 10 रन बनाकर आउट हो गए. गुजरात की ओर से वाशिंगटन सुंदर ने सबसे ज्यादा संघर्ष किया और 37 गेंदों में नाबाद 50 रन बनाए. उनके अलावा निशांत सिंधु ने 20, जोस बटलर ने 19 और अरशद खान ने 15 रन का योगदान दिया. गुजरात की टीम निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 155 रन ही बना सकी.

आरसीबी के गेंदबाजों ने फाइनल में दिखाया दम

आरसीबी (IPl 2026) के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही गुजरात के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा. रसिख सलाम डार सबसे सफल गेंदबाज रहे और चार ओवर में 27 रन देकर तीन विकेट झटके. जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार ने दो-दो विकेट लिए, जबकि क्रुणाल पांड्या को एक सफलता मिली.

कसी हुई गेंदबाजी के दम पर आरसीबी ने गुजरात को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोका और उसी मजबूत प्रदर्शन की बदौलत दूसरी बार लगातार आईपीएल (IPL 2026) ट्रॉफी अपने नाम कर ली.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *