LSG VS KKR: सुपर ओवर में केकेआर ने एलएसजी को हराया, रिंकू सिंह-सुनील नरेन बने जीत के नायक

0
LSG VS KKR

LSG VS KKR (Image Credit-IPL)

Spread the love

LSG VS KKR: रिंकू सिंह के तूफानी अर्धशतक (51 बॉल में नाबाद 83 रन) और सुपर ओवर में सुनील नरेन की धारदार गेंदबाजी से केकेआर (LSG VS KKR) ने आईपीएल 2026 के पहले सुपर ओवर मैच में लखनऊ सुपर जाइंट्स (LSG VS KKR) को हरा दिया. सुपर ओवर में कोलकाता नाइट राइडर्स (LSG VS KKR) ने सुनील नारायण के शानदार स्पेल से लखनऊ के खिलाफ जीत दर्ज कर सीजन की दूसरी जीत दर्ज की.

लगातार दूसरी जीत के साथ कोलकाता नाइट राइडर्स (LSG VS KKR) की टीम पांच अंक के साथ आठवें स्थान पर पहुंच गई जबकि सुपर जाइंट्स की टीम चार अंक के साथ 10वें और अंतिम स्थान पर खिसक गई. लखनऊ सुपर जाइंट्स की टीम ने 156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान ऋषभ पंत (42) और सलामी बल्लेबाज एडेन मारक्रम (31) की पारियों से लखनऊ ने आठ विकैट पर 155 रन बनाए जिससे मैच सुपर ओवर में खिंचा.

सुपर ओवर में नरेन ने दिए सिर्फ एक रन, दोनों बल्लेबाजों को भेजा पवेलियन

केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 155 रन लगाए. इसके जवाब में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG VS KKR) ने भी 8 विकेट गंवाकर 155 रन बनाए और मुकाबला टाई हो गया. सुपर ओवर में केकेआर की ओर से गेंदबाजी करने की जिम्मेदारी सुनील नरेन को सौंपी गई. नरेन ने पहली ही गेंद पर एलएसजी के बल्लेबाज निकोलस पूरन को क्लीन बोल्ड कर दिया। वहीं, दूसरी गेंद पर ऋषभ पंत ने एक रन बनाया.

ओवर की तीसरी गेंद पर एडेन मार्करम ने भी बड़ा शॉट खेलने का प्रयास किया, लेकिन बाउंड्री लाइन पर रोवमैन पॉवेल ने शानदार फील्डिंग करते हुए छक्के की ओर जाती गेंद को रिंकू संग मिलकर कैच में तब्दील कर दिया. एलएसजी की टीम सुपर ओवर में महज एक रन ही बना सकी. केकेआर की तरफ से सुपर ओवर में बल्लेबाजी करने उतरे रिंकू सिंह ने पहली ही गेंद पर चौका लगाते हुए केकेआर को जीत दिला दी.

लखनऊ के बल्लेबाजों ने फिर किया निराश

156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही. मिचेल मार्श सिर्फ दो रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए एडेन मार्करम और कप्तान ऋषभ पंत ने 57 रनों की अहम साझेदारी निभाई. मार्करम ने 27 गेंदों में 31 रन बनाए, जबकि पंत ने 38 गेंदों में 42 रनों का योगदान दिया. पंत ने अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया. निकोलस पूरन की खराब फॉर्म इस मुकाबले में भी जारी रही और वह नौ रन ही बना सके. मुकुल चौधरी महज एक रन बनाकर अनुकूल रॉय का शिकार बने.

आयुष बदोनी ने 19 गेंदों में दो छक्कों की मदद से 24 रन बनाए.वहीं, जॉर्ज लिंडे 8 रन बनाकर वैभव अरोड़ा का शिकार बने. आखिरी ओवर में जीत के लिए एलएसजी को 17 रनों की दरकार थी और क्रीज पर हिम्मत सिंह और मोहम्मद शमी मौजूद थे. ओवर की पहली गेंद पर शमी ने एक रन लिया. इसके बाद केकेआर के तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी ने अगली दो गेंदें नो-बॉल फेंकी, जिस पर हिम्मत छह रन बटोरने में सफल रहे.

हालांकि, तीसरी गेंद पर कार्तिक ने हिम्मत सिंह की 10 गेंदों में खेली गई 19 रनों की पारी का अंत कर दिया. ओवर की चौथी गेंद पर प्रिंस यादव ने एक रन लिया, तो पांचवीं गेंद डॉट रही. हालांकि, ओवर की आखिरी गेंद पर शमी ने जोरदार छक्का लगाया और मैच को टाई कराते हुए सुपर ओवर में पहुंचा दिया. शमी छह गेंदों में 11 रन बनाकर नाबाद रहे. गेंदबाजी में केकेआर की तरफ से वरुण चक्रवर्ती और वैभव अरोड़ा ने दो-दो विकेट चटकाए.

CSK VS GT: सुदर्शन की दमदार पारी, गुजरात ने चेन्नई को आठ विकेट से हराया

केकेआर के लिए संकटमोचक बने रिंकू सिंह

इससे पहले, केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 155 रन बनाए. कप्तान अजिंक्य रहाणे सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हुए. वहीं, टिम सीफर्ट बिना खाता खोले पवेलियन लौटे. अंगकृष रघुवंशी नौ रन ही बना सके. रोवमैन पॉवेल को एक रन के स्कोर पर मोहसिन खान ने पवेलियन भेजा. कैमरून ग्रीन ने 21 गेंदों में तीन छक्कों की मदद से 34 रन बनाए.

अंत के ओवरों में रिंकू सिंह ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 51 गेंदों में 83 रनों की नाबाद पारी खेली। रिंकू ने अपनी इस पारी में सात चौके और पांच छक्के लगाए. रमनदीप सिंह ने छह रन बनाए. रिंकू ने सुनील नरेन (नाबाद 4 रन) के साथ मिलकर आठवें विकेट के लिए 30 गेंदों में 62 रन जोड़े. गेंदबाजी में एलएसजी की तरफ से मोहसिन खान ने चार ओवर में 23 रन देकर पांच विकेट निकाले. वहीं, जॉर्ज लिंडे ने एक विकेट चटकाया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *