PBKS VS RR: पंजाब किंग्स के विजय रथ पर राजस्थान रॉयल्स ने लगाया ब्रेक
PBKS VS RR (Image credit-IPL)
PBKS VS RR: आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स (PBKS VS RR) को आखिरकार पहली हार मिली. राजस्थान रॉयल्स की टीम ने मंगलवार को खेले गए मैच में पंजाब किंग्स को छह विकेट से हरा दिया. राजस्थान रॉयल्स की टीम की इस सीजन यह छठी जीत है. राजस्थान (PBKS VS RR) की टीम जीत के साथ प्वॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है.
223 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स (PBKS VS RR) की टीम ने 19.2 ओवर में 228 रन बनाकर इस टारगेट को हासिल कर लिया. डोनोवन फरेरा और शुभम दुबे ने 32 बॉल में नाबाद 77 रन की साझेदारी कर राजस्थान की जीत सुनिश्चित की. फरेरा ने छक्का लगाकर ना सिर्फ टीम को जीत दिलाई, बल्कि अपना अर्धशतक भी पूरा किया. डोनोवन फरेरा को प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया.
वैभव- यशस्वी ने दिलाई राजस्थान को विस्फोटक शुरुआत
राजस्थान रॉयल्स (PBKS VS RR) के टीम से वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 3.2 ओवर में 51 रन जोड़े. वैभव ने सिर्फ 16 गेंदों का सामना करते हुए तीन चौके और पांच छक्कों की मदद से 43 रन बनाए. ध्रुव जुरेल बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और महज 16 रन बनाकर आउट हुए. कप्तान रियान पराग अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और 16 गेंदों में 29 रन बनाने के बाद युजवेंद्र चहल का शिकार बने. यशस्वी जायसवाल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों में सात चौके और एक छक्के की मदद से 51 रन बनाए.
DC VS RCB: हेजलवुड-भुवनेश्वर की आंधी में उड़ी दिल्ली कैपिटल्स, आरसीबी को मिली दूसरी सबसे बड़ी जीत
शुभम दुबे और डोनोवन फेरेरा ने दिलाई जीत
इसके बाद शुभम दुबे और डोनोवन फेरेरा ने मोर्चा संभाला और पांचवें विकेट के लिए 31 गेंदों में 71 रनों की अटूट साझेदारी निभाई. फेरेरा ने 26 गेंदों का सामना करते हुए 52 रनों की नाबाद पारी खेली. उन्होंने अपनी इस पारी में 6 चौके और 3 छक्के लगाए. वहीं, शुभम ने 12 गेंदों में तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 31 रन बनाए और वह टीम को जीत दिलाकर लौटे. गेंदबाजी में पंजाब किंग्स की ओर से युजवेंद्र चहल ने 36 रन देकर सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए, जबकि अर्शदीप सिंह ने एक विकेट निकाला.
प्रभसिमरन- स्टोइनिस के अर्धशतक से पंजाब ने बनाए 222 रन
इससे पहले, पंजाब किंग्स (PBKS VS RR) ने 20 ओवर में चार विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 222 रन लगाए. प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्या ने मिलकर पहले विकेट के लिए 37 रन जोड़े. प्रियांश ने 11 गेंदों में 29 रन बनाए. वहीं, कूपर कोनोली ने 14 गेंदों में दो चौके और तीन छक्कों की मदद से 30 रन बनाए. प्रभसिमरन ने 44 गेंदों का सामना करते हुए छह चौके और एक छक्के की मदद से 59 रनों का योगदान दिया.
हालांकि, कप्तान श्रेयस अय्यर अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और वह 27 गेंदों में 30 रन बनाकर आउट हुए. अंत के ओवरों में मार्कस स्टोइनिस ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 22 गेंदों में 62 रनों की आतिशी पारी खेली. स्टोइनिस ने अपनी इस पारी में 281 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए चार चौके और छह छक्के लगाए. गेंदबाजी में राजस्थान रॉयल्स की ओर से यश राज पुंजा ने सर्वाधिक दो विकेट चटकाए, जबकि जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर ने एक-एक विकेट अपने नाम किया.
