RCB VS GT: साई सुदर्शन के शतक पर भारी पड़ी कोहली, पडिक्कल की पारी, RCB ने GT को पांच विकेट से हराया
RCB VS GT (Image Credit-IPL)
RCB VS GT: आईपीएल 2026 के 34वें मैच में आरसीबी (RCB VS GT) की टीम ने गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हरा दिया. आरसीबी (RCB VS GT) की टीम की यह पांचवीं जीत है. आरसीबी के सामने जीत के लिए 206 रन का टारगेट था, जिसे विराट कोहली (81 रन) और देवदत्त पडिक्कल (55 रन) की पारी से टीम ने 18.5 ओवर में हासिल कर लिया.
इस जीत के बाद आरसीबी की टीम 10 अंक के साथ प्वाइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर है. विराट कोहली को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया.
कोहली-पडिक्कल के बीच शतकीय साझेदारी
206 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी (RCB VS GT) की शुरुआत अच्छी नहीं रही. जैकब बेथेल 10 गेंदों में 14 रन बनाने के बाद मोहम्मद सिराज का शिकार बने. हालांकि, इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने मोर्चा संभाला और दूसरे विकेट के लिए 59 गेंदों में 115 रनों की साझेदारी निभाई. पडिक्कल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए महज 27 गेंदों पर 55 रनों की दमदार पारी खेली. अपनी इस पारी में उन्होंने दो चौके और छह छक्के लगाए.
वहीं, कोहली ने 44 गेंदों का सामना करते हुए आठ चौके और चार छक्कों की मदद से 81 रन बनाए. कप्तान रजत पाटीदार बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और सिर्फ आठ रन बनाकर मानव सुथार का शिकार बने. जितेश शर्मा छह गेंदों में 10 रन बनाने के बाद राशिद खान की गेंद पर मानव के हाथों में कैच देकर पवेलियन लौटे.
इसके बाद टिम डेविड और क्रुणाल पांड्या की जोड़ी ने आरसीबी (RCB VS GT) को कोई और झटका नहीं लगने दिया. डेविड 10 रन बनाकर नाबाद रहे, तो क्रुणाल ने 12 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 23 रन बनाए.
GT VS MI: तिलक वर्मा के तूफानी शतक से मुंबई की धमाकेदार जीत, अश्वनी ने गेंद से किया कमाल
गेंदबाजी में गुजरात टाइटंस (RCB VS GT) की ओर से राशिद खान ने सर्वाधिक दो विकेट निकाले, जबकि जेसन होल्डर और मानव सुथार को एक-एक विकेट मिला.
गुजरात टाइटंस (RCB VS GT) ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में तीन विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 205 रन लगाए. शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए 12.5 ओवर में 128 रन जोड़े. गिल 24 गेंदों में 32 रन बनाकर आउट हुए. वहीं, जोस बटलर ने 16 गेंदों में 25 रनों का योगदान दिया.
साई सुदर्शन ने जड़ा शतक
साई सुदर्शन एक छोर को संभालकर खड़े रहे और उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली. सुदर्शन ने 58 गेंदों में 100 रन बनाए. अपनी इस पारी में उन्होंने 11 चौके और पांच छक्के लगाए. वॉशिंगटन सुंदर 12 गेंदों में 19 रन बनाकर नाबाद रहे, तो जेसन होल्डर ने महज 10 गेंदों में नाबाद 23 रन बनाए.
गेंदबाजी में आरसीबी (RCB VS GT) की तरफ से भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा और हेजलवुड ने एक-एक विकेट निकाला. गुजरात टाइटंस को आईपीएल 2026 में अपनी चौथी हार का सामना करना पड़ा है.
